Site icon AB News.Press

Bhoramdev Mahotsav 2026 : 17 मार्च को छपरी में सजेगा भोरमदेव महोत्सव…तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट में अहम बैठक

Bhoramdev Mahotsav 2026: Bhoramdev Mahotsav to be held in Chapri on March 17... Key meeting regarding preparations held at the Collectorate.

Bhoramdev Mahotsav 2026

कवर्धा, 15 मार्च। Bhoramdev Mahotsav 2026 : भोरमदेव महोत्सव 2026 के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर गोपाल वर्मा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सामाजिक जनों से आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए सुझाव लिए गए।

17 मार्च को ग्राम छपरी में होगा आयोजन

बैठक में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि इस वर्ष भोरमदेव कॉरिडोर निर्माण कार्य प्रगति पर होने के कारण पारंपरिक स्थल के स्थान पर 17 मार्च को ग्राम छपरी में भोरमदेव महोत्सव आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भोरमदेव महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए इसकी परंपरा को निरंतर बनाए रखते हुए इस वर्ष भी इसे गरिमामय तरीके से आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां शुरू

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी की जाएं। कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच, दर्शक दीर्घा, प्रवेश द्वार, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए स्थल चयन कर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि महोत्सव में अधिक से अधिक स्थानीय कलाकारों को मंच देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जिले की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल सके।

जनप्रतिनिधियों और मीडिया ने दिए सुझाव

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने यातायात व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, आमजन की सुविधा और आयोजन के सुचारू संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों को शामिल करते हुए महोत्सव को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन सभी आवश्यक तैयारियां करेगा।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नितेश अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पुलिस प्राधिकरण समिति के सदस्य भगत पटेल, बोडला जनपद पंचायत अध्यक्ष बालका राम किंकर वर्मा, उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, जिला पंचायत सदस्य लोकचंद साहू और नरेंद्र मानिकपुरी सहित कई जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि और सामाजिक जन उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर विनय पोयाम, एसडीएम बोड़ला सागर सिंह राज, उप संचालक पंचायत राज तिवारी और तहसीलदार बोड़ला हुलेश्वर पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

Exit mobile version