Site icon AB News.Press

Malhar Mela : बिलासपुर में मल्हार महोत्सव बैठक में अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष को थप्पड़ मारा…! बैठक में गाली-गलौज का मामला

Malhar Mela: President Slaps Vice-President During Malhar Festival Meeting in Bilaspur—Incident Involves Verbal Abuse!

Malhar Mela

बिलासपुर, 14 मार्च। Malhar Mela : न्यायधानी बिलासपुर में मल्हार महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक विवाद का कारण बन गई, जब नगर पंचायत अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट और उपाध्यक्ष सुशील चौबे के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विवाद इतना बढ़ा कि अध्यक्ष ने कथित तौर पर उपाध्यक्ष को थप्पड़ मार दिया और बैठक में मौजूद पार्षदों के साथ भी गाली-गलौज की।

बताया जा रहा है कि यह बैठक दो दिन पहले महोत्सव की तैयारियों को लेकर रेस्ट हाउस में आयोजित की गई थी। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद और प्रशासनिक अधिकारी शामिल थे। प्रशासन की ओर से एसडीएम, तहसीलदार और नगर पंचायत के सीएमओ भी मौजूद थे।

महोत्सव आयोजन को लेकर चर्चा के दौरान अध्यक्ष ने जोर-जोर से बोलना शुरू किया, जिस पर उपाध्यक्ष ने शांतिपूर्वक अपनी बात रखने की सलाह दी। इस बात से नाराज होकर अध्यक्ष ने कथित तौर पर उपाध्यक्ष को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद बैठक में तीखी बहस और गाली-गलौज हुई। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने माहौल को शांत करने की कोशिश की, लेकिन अंततः बैठक को स्थगित करना पड़ा।

घटना के बाद उपाध्यक्ष और कुछ पार्षदों ने भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से शिकायत की। दोनों ही पक्ष सत्तारूढ़ भाजपा से जुड़े होने के कारण यह घटना स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।

धनेश्वरी केंवट पहले भी विवादों में रहे हैं; कुछ समय पहले उन्होंने नगर पंचायत सीएमओ के कार्यालय में अभद्रता की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था और उस पर मल्हार चौकी में मामला दर्ज हुआ था। अब मल्हार महोत्सव की बैठक में हुए इस नए विवाद ने स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक संगठन में हलचल मचा दी है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी इस पूरे घटनाक्रम पर क्या कार्रवाई करती है।

 

Exit mobile version