CG NEWS : स्वच्छता रैंकिंग सुधारने नई पहल…प्रदेश में शुरू हुई छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग

CG NEWS : स्वच्छता रैंकिंग सुधारने नई पहल…प्रदेश में शुरू हुई छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग

रायपुर, 12 मार्च। CG NEWS : ठोस व तरल अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन, नागरिकों के अच्छे स्वास्थ्य तथा शहरों की स्वच्छता रैंकिंग सुधारने के उद्देश्य से नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने ‘छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग 2025-26’ की शुरुआत की है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 10 मार्च को रायपुर में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में इसका शुभारंभ किया। इसके साथ ही राज्य शासन ने शहरों में स्वच्छता के नियमित मूल्यांकन के लिए सभी नगरीय निकायों को परिपत्र जारी किया है।

नगरीय निकायों में होगा स्वच्छता सर्वेक्षण

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सभी नगर निगम आयुक्तों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को जारी निर्देश में कहा है कि राज्य में ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग 2025-26 के तहत नगरीय निकायों में सर्वेक्षण और मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पहले ही की थी घोषणा

परिपत्र में बताया गया है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पिछले वर्ष 12 अगस्त को बिलासपुर में आयोजित स्वच्छता समागम के दौरान इस लीग की शुरुआत करने की घोषणा की थी। इसके बाद 17 सितंबर को सर्वेक्षण टूलकिट का अंग्रेजी और 29 सितंबर को हिन्दी संस्करण जारी किया गया था।

क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया करेगी मूल्यांकन

स्वच्छता लीग के तहत सर्वेक्षण और मूल्यांकन कार्य के लिए क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) को अधिकृत किया गया है। एजेंसी द्वारा नियुक्त मूल्यांकनकर्ता नगरीय निकायों का स्थल निरीक्षण करेंगे, स्वच्छता से संबंधित सुविधाओं का अवलोकन करेंगे और आवश्यक दस्तावेजी प्रमाण एकत्र करेंगे। पूरी प्रक्रिया तय प्रोटोकॉल और दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी।

सभी हितधारकों को पहले से जानकारी देने के निर्देश

नगरीय प्रशासन विभाग ने सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र के नागरिकों, स्वच्छता कर्मियों, पर्यवेक्षकों तथा अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को सर्वेक्षण से पहले ही जानकारी दें। विभाग ने सर्वेक्षण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और इसके सुचारू संचालन के लिए सभी निकायों से पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करने को कहा है।

राज्य खबर स्पेशल