TRTI : नवा रायपुर में 13–14 मार्च को सजेगा ‘आदि परब’…जनजातीय कला-संस्कृति की दिखेगी झलक

TRTI : नवा रायपुर में 13–14 मार्च को सजेगा ‘आदि परब’…जनजातीय कला-संस्कृति की दिखेगी झलक

रायपुर, 11 मार्च। TRTI : नवा रायपुर स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में 13 और 14 मार्च को आदि परब ‘परम्परा से पहचान तक’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन आदिम जाति विभाग द्वारा किया जा रहा है।

जनजातीय कला और संस्कृति को मिलेगा मंच

आदिम जाति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनजातीय समाज की रचनात्मकता, जीवन-दर्शन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा आदि परब 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

‘आदि रंग’ में दिखेंगी चित्रकारों की कलाकृतियां

कार्यक्रम के दौरान आदि रंग के माध्यम से जनजातीय चित्रकारों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें पारंपरिक कला और लोक अभिव्यक्तियों की झलक देखने को मिलेगी।

‘आदि परिधान’ में जनजातीय वेशभूषा की प्रस्तुति

आदि परिधान के अंतर्गत जनजातीय वेशभूषा पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी, जो जनजातीय परंपराओं और पहचान को दर्शाएंगी।

‘आदि आख्यान’ में होगा सेमिनार

आयोजन के तहत आदि आख्यान के अंतर्गत जनजातीय विषयों पर सेमीनार आयोजित किए जाएंगे, जहां विशेषज्ञ और शोधकर्ता जनजातीय समाज के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा करेंगे।

‘आदि हाट’ में मिलेंगे पारंपरिक उत्पाद

इसके साथ ही आदि हाट में जनजातीय शिल्पकारों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की व्यवस्था रहेगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आकर्षण का केंद्र

आदि परब के दौरान जनजातीय संस्कृति और परंपराओं पर आधारित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।

राज्य खबर