रायपुर, 10 मार्च। PMGSY-I : केंद्र सरकार ने वामपंथी उग्रवाद (Left Wing Extremism) से प्रभावित क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रोड कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट फॉर लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज्म अफेक्टेड एरियाज (RCPLWEA) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-I) की अवधि को 31 मार्च 2027 तक बढ़ाने की स्वीकृति दे दी है।
बस्तर संभाग के लंबित कार्यों को मिलेगी गति
इस निर्णय से छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्यों को पूरा करने में तेजी आने की उम्मीद है। योजनाओं के तहत पहले से स्वीकृत परियोजनाओं के शेष कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी
केंद्र सरकार के इस फैसले से प्रदेश के दूरस्थ और संवेदनशील इलाकों में सड़क संपर्क को और मजबूत किया जाएगा। इससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों तक आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और लोगों को मूलभूत सेवाओं तक पहुंच आसान बनेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।
सड़क विकास की आधारशिला: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। सड़क बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंच आसान हो जाती है, जिससे विकास की गति तेज होती है। बेहतर सड़क नेटवर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और प्रशासनिक पहुंच भी मजबूत होगी। इससे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

