Site icon AB News.Press

CG Forest Department : वन भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश नाकाम…वन विभाग की त्वरित कार्रवाई…जेसीबी मशीन जब्त

CG Forest Department: Attempt to illegally occupy forest land fails...Forest department takes swift action...JCB machine seized

CG Forest Department

रायपुर, 10 मार्च। CG Forest Department : जशपुर जिले में वन भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास को वन विभाग ने समय रहते विफल कर दिया। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र बगीचा अंतर्गत ग्राम टांगरपानी के दालढोढ़ी क्षेत्र में की गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 मार्च को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि दालढोढ़ी क्षेत्र में जेसीबी मशीन से वन भूमि की खुदाई कर खेत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वनमण्डलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार के निर्देश पर वन परिक्षेत्राधिकारी बगीचा सुश्री यशस्वी मौर्य (प्रशिक्षु भा.व.से.) वन अमले के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच की।

वन भूमि में खुदाई करते पकड़ी गई जेसीबी

जांच के दौरान कक्ष क्रमांक पी-1331 में जेसीबी मशीन से वन भूमि की खुदाई कर खेत तैयार करने का कार्य किया जा रहा था। मौके पर मौजूद जेसीबी चालक फुलचंद उरांव, निवासी ग्राम गुड़दरी जिला गुमला (झारखंड) से पूछताछ की गई और वैध दस्तावेज मांगे गए। चालक ने बताया कि मशीन के मालिक ने उक्त भूमि को अपनी निजी भूमि बताकर खेत निर्माण के लिए खुदाई करने को कहा था।

वन अपराध प्रकरण दर्ज, जेसीबी जब्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21487/25 दिनांक 09 मार्च 2026 को दर्ज कर जेसीबी मशीन को जब्त कर बगीचा निस्तार डिपो में सुरक्षित रख दिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग की अपील

वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, खुदाई या निर्माण कार्य न करें। ऐसी गतिविधियां वन संरक्षण अधिनियम और भारतीय वन अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध हैं। यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version