Site icon AB News.Press

PM Awaas Yojana 2.0 : से ‘सभी के लिए आवास’ अभियान को मिलेगी नई गति…हर जरूरतमंद परिवार को सम्मानजनक आवास दिलाना सरकार का संकल्प

PM Awaas Yojana 2.0: This will give new impetus to the 'Housing for All' campaign... The government is committed to providing dignified housing to every needy family.

PM Awaas Yojana 2.0

रायपुर, 08 मार्च। PM Awaas Yojana 2.0 : छत्तीसगढ़ में शहरी गरीबों के लिए बड़े पैमाने पर आवास निर्माण की राह खुल गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत राज्य में 28 हजार 461 नए पक्के घरों के निर्माण के लिए 435 करोड़ रुपये से अधिक की केंद्रीय सहायता स्वीकृत हुई है। केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति ने राज्य की 263 परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिलेगा पक्का आशियाना

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सभी के लिए आवास’ के संकल्प को साकार करने के लिए देशभर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का क्रियान्वयन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में शहरी गरीबों को किफायती और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के लिए सक्रियता से काम किया जा रहा है।

263 परियोजनाओं के तहत बनेंगे 28 हजार से अधिक आवास

केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति की बैठक में छत्तीसगढ़ द्वारा प्रस्तुत 263 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें 211 लाभार्थी आधारित निर्माण परियोजनाएं और 52 किफायती आवास साझेदारी परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेशभर के नगरीय निकायों में कुल 28 हजार 461 आवासों का निर्माण किया जाएगा।

लाभार्थी आधारित निर्माण के तहत 13 हजार से अधिक घर

लाभार्थी आधारित निर्माण घटक के तहत 13 हजार 058 आवासों को स्वीकृति दी गई है, जिनमें पात्र हितग्राही अपनी स्वयं की भूमि पर पक्का घर बना सकेंगे। प्रथम बैच में 52 परियोजनाओं के माध्यम से 3844 आवासों को मंजूरी दी गई है, जबकि द्वितीय बैच में 159 परियोजनाओं के अंतर्गत 9214 आवासों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है।

किफायती आवास साझेदारी के तहत बनेंगे 15 हजार से अधिक घर

किफायती आवास साझेदारी घटक के तहत 15 हजार 363 आवासों का निर्माण किया जाएगा। इसके तहत शासकीय भूमि पर सार्वजनिक एजेंसियों के माध्यम से सर्वसुविधायुक्त आवासीय परिसर विकसित किए जाएंगे, जिनमें स्लम पुनर्विकास और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए किफायती आवास उपलब्ध होंगे।

36 महीनों में पूरे किए जाएंगे सभी निर्माण कार्य

इन सभी परियोजनाओं को अगले 36 महीनों में पूरा किया जाएगा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा सभी परियोजनाओं के विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन, भू-अभिलेख, लाभार्थी सूची और यूनिफाइड वेब पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की गई हैं।

रतनपुर में बनेगा डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट

केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति की बैठक में बिलासपुर जिले के रतनपुर में एक अभिनव डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट को भी मंजूरी मिली है। इस परियोजना के अंतर्गत आधुनिक और उन्नत तकनीकों का उपयोग कर 40 आवास बनाए जाएंगे, जिनका निर्माण भवन निर्माण सामग्री एवं प्रौद्योगिकी संवर्धन परिषद (बीएमटीपीसी) द्वारा किया जाएगा।

किराये पर उपलब्ध कराए जाएंगे आवास

राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) इन आवासों को पात्र लोगों को किराये पर उपलब्ध कराएगा। रतनपुर में बनने वाली यह परियोजना सामाजिक उपयोग के साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा देने में सहायक होगी।

मुख्यमंत्री ने जताया प्रधानमंत्री के प्रति आभार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत छत्तीसगढ़ को बड़ी उपलब्धि मिली है। 28 हजार 461 नए पक्के घरों के निर्माण के लिए 435 करोड़ रुपये से अधिक की केंद्रीय सहायता स्वीकृत हुई है, जिससे हजारों जरूरतमंद परिवारों का अपने घर का सपना पूरा होगा। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

आवास निर्माण में आएगी और तेजी – अरुण साव

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार समीक्षा कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही 435 करोड़ रुपये की सहायता से आवास निर्माण में और तेजी आएगी तथा अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा सकेंगे।

Exit mobile version