Site icon AB News.Press

Ganja Smuggling : गांजा तस्करी में सामने आया पुलिस आरक्षक का नाम…! दो आरोपी गिरफ्तार…जवान फरार

Ganja Smuggling: Police constable's name surfaces in marijuana smuggling case... Two accused arrested... constable absconding

Ganja Smuggling

महासमुंद, 07 मार्च। Ganja Smuggling : जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले में पुलिस विभाग के एक आरक्षक का नाम सामने आने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरक्षक समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि आरोपी आरक्षक फरार है।

जानकारी के मुताबिक 3 मार्च को सांकरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ओडिशा के बरगढ़ जिले के जगदलपुर निवासी टीटू उर्फ सोलन दास (38) को एक स्कूटी के साथ पकड़ा। उसके पास से पीले रंग के कैरी बैग में करीब 4.87 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि 1 मार्च को बसना थाना में पदस्थ आरक्षक पीयूष शर्मा और अखराभांठा निवासी धर्मेंद्र सोनी ने उसे करीब 18 किलोग्राम गांजा लाकर दिया था। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने धर्मेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि आरक्षक पीयूष शर्मा फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 9 लाख रुपए कीमत का गांजा, एक बिना नंबर की स्कूटी (करीब 80 हजार रुपए), फरार आरक्षक की बुलेट मोटरसाइकिल (करीब 1 लाख रुपए) और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 11 लाख 5 हजार रुपए बताई गई है।

Exit mobile version