Eco – Tourism : बारनवापारा के पास देवपुर में शुरू हुआ नेचर कैंप मड हाउस…ईको-पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

Eco – Tourism : बारनवापारा के पास देवपुर में शुरू हुआ नेचर कैंप मड हाउस…ईको-पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर, 07 मार्च। Eco – Tourism : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बारनवापारा अभ्यारण्य के पास स्थित देवपुर वन परिक्षेत्र में ईको-पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नेचर कैंप मड हाउस की शुरुआत की गई है। यह पहल पर्यटकों को प्रकृति के करीब रहने का शांत और पारंपरिक अनुभव प्रदान करेगी।

पारंपरिक शैली में बने पर्यावरण अनुकूल मड हाउस

वन विभाग द्वारा तैयार किए गए मड हाउस मिट्टी, लकड़ी और अन्य प्राकृतिक सामग्रियों से बनाए गए हैं। पारंपरिक निर्माण शैली में बने ये घर जंगल के प्राकृतिक वातावरण के साथ घुलते-मिलते नजर आते हैं। यहां ठहरने वाले पर्यटकों को ग्रामीण परिवेश और प्रकृति के बीच सुकून भरा अनुभव मिलेगा।

पर्यटन ग्राम में आधुनिक स्वागत भवन का शुभारंभ

बारनवापारा वन्यजीव अभ्यारण्य के पर्यटन ग्राम में एक आधुनिक स्वागत भवन का भी शुभारंभ किया गया है। इस भवन के माध्यम से पर्यटकों को ठहरने की सुविधा के साथ-साथ क्षेत्र की जैव विविधता, वन्यजीवों और प्राकृतिक विरासत की जानकारी भी दी जाएगी।

स्थानीय लोगों के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना का उद्देश्य पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय लोगों की आय के स्थायी साधन विकसित करना है। इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे और उनके जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।

वन संरक्षण और विकास के संतुलन पर जोर

अधिकारियों ने बताया कि वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) अरुण कुमार पाण्डे के प्रयासों से यह पहल शुरू की गई है। परियोजना के संचालन में स्थानीय वन प्रबंधन समिति और स्व-सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है, ताकि वन संरक्षण और स्थानीय विकास के बीच संतुलन बना रहे।

कार्यक्रम के दौरान वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों का मानना है कि यह पहल देवपुर क्षेत्र को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

राज्य खबर स्पेशल