Site icon AB News.Press

PM Awaas Yojana : मजदूर परिवार को मिली सुरक्षित आशियाने की सौगात…मेहनत और योजना ने बदली जिंदगी

PM Awaas Yojana: Laborer families get the gift of a safe home… hard work and planning changed their lives

PM Awaas Yojana

रायपुर, 06 मार्च। PM Awaas Yojana : जब जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सही हाथों तक पहुँचता है तो उसका असर सीधे लोगों के जीवन में दिखाई देता है। प्रधानमंत्री आवास योजना ऐसे ही हजारों जरूरतमंद परिवारों के लिए आशा की किरण बन रही है। कोरिया जिले के बैकुण्ठपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत भांड़ी में रहने वाली जलकी रानी का परिवार इसका जीता-जागता उदाहरण है।

संघर्ष भरा जीवन

जलकी रानी अपने पति दुलार साय और बच्चों के साथ एक कच्चे मकान में रह रही थीं। मिट्टी की दीवारें, टपकती छत और मौसम की मार ने जीवन को कठिन बना रखा था। बरसात में घर में पानी भर जाता, गर्मी में छत तपती और सर्दी में ठंडी हवाएं भीतर तक चुभती थीं। बच्चों की सुरक्षा को लेकर हर मौसम चिंता लेकर आता था।

सीमित आय, बड़े सपने

परिवार की आय का मुख्य साधन दिहाड़ी मजदूरी रहा। सौ दिन के रोजगार के बाद भी अन्य खेतों में मजदूरी कर किसी तरह घर का खर्च चलता था। बढ़ती जिम्मेदारियों और सीमित आय के कारण पक्का घर बनवाने का सपना दूर की बात लगती थी।

मिली पक्के घर की सौगात

प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जब परिवार को पक्के घर की स्वीकृति मिली तो यह उनके लिए नई शुरुआत जैसा था। स्वीकृति के बाद पति-पत्नी ने स्वयं निर्माण कार्य में हाथ बंटाया। मजदूरी से मिली राशि को भी घर बनाने में लगाया। कठिन परिश्रम और संकल्प से उनका पक्का घर तैयार हो गया।

अब सुरक्षित है भविष्य

आज जलकी रानी का परिवार मजबूत छत के नीचे सुरक्षित महसूस कर रहा है। बच्चों के चेहरे पर खुशी और माता-पिता की आंखों में संतोष झलकता है। जलकी रानी कहती हैं कि यह घर केवल ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, मेहनत और सपनों की साकार तस्वीर है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने न केवल उन्हें पक्का घर दिया, बल्कि सम्मान और सुरक्षा का एहसास भी दिलाया है।

Exit mobile version