बिलासपुर, 06 मार्च। Horrific Road Accident : रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात भयानक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ। घायल को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर (CG 11 BD 9044) सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। तड़के करीब 2 बजे सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने ट्रेलर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में चला गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया। स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन में फंस गए। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का उपयोग किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान इस प्रकार है, छत्रपाल रात्रे (37), निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर। विशाल लहरें (25), निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली। अनमोल लहरें (14), निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली। सोनू मिरी (28), निवासी कोटा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

