Site icon AB News.Press

Sensational Incident : प्रेम संबंध पर भाई बना हत्यारा…गोली मारकर युवक की हत्या, किशोरी ने की आत्महत्या की कोशिश

Sensational Incident: Brother turns murderer over love affair... Young man shot dead, teenager attempts suicide

Sensational Incident

मथुरा, 05 मार्च। Sensational Incident : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र अंतर्गत सुहागपुर गांव में मंगलवार सुबह ऑनर किलिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। प्रेम संबंध से नाराज़ एक युवक ने अपनी नाबालिग बहन के कथित प्रेमी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान 29 वर्षीय अर्जुन के रूप में हुई है। घटना के बाद सदमे में आई नाबालिग किशोरी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रेम संबंध बना विवाद की वजह

पुलिस के अनुसार अर्जुन, जो विवाहित था, गांव की एक नाबालिग किशोरी के संपर्क में था। इस संबंध की जानकारी किशोरी के भाई को होने पर वह आक्रोशित हो गया। बताया जा रहा है कि उसने युवक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

मंगलवार सुबह लगभग नौ बजे अर्जुन गांव के मंदिर के पास अपने साथियों के साथ मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान किशोरी का भाई उसे पास स्थित पथवारी मंदिर की ओर ले गया और वहां उसके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही अर्जुन जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में घोषित मृत

घटना की सूचना मिलते ही परिजन अर्जुन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मृत्यु की खबर मिलते ही किशोरी ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने समय रहते उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे पहले मथुरा और बाद में आगरा रेफर किया गया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version