रायपुर, 04 मार्च। India Skill 2025-26 : भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा आयोजित इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने ईस्ट ज़ोन रीजनल प्रतियोगिता में 12 पदक और 4 मेडल ऑफ एक्सीलेंस अर्जित कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
यह प्रतियोगिता जिला, राज्य, रीजनल और राष्ट्रीय स्तर पर चार चरणों में आयोजित की जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को WorldSkills International के अंतर्गत भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
ईस्ट ज़ोन में दमदार प्रदर्शन
ईस्ट ज़ोन रीजनल प्रतियोगिता का समापन 02 मार्च 2026 को Bhubaneswar में हुआ। प्रतियोगिता में ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने 59 कौशल श्रेणियों में भाग लिया। छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने 01 स्वर्ण, 02 रजत, 05 कांस्य पदक सहित कुल 12 पदक और 04 मेडल ऑफ एक्सीलेंस अर्जित किए।
मुख्यमंत्री की बधाई
CM विष्णु ने प्रदेश के युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने सिद्ध कर दिया है कि वे राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक स्तर पर भी प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक प्रशिक्षण, नवाचार और उद्योगोन्मुख पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। यह सफलता “सशक्त युवा, समृद्ध छत्तीसगढ़” के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

