Ambedkar Hospital OPD : होली पर अलर्ट मोड में अंबेडकर अस्पताल…! 4 मार्च को OPD बंद…इमरजेंसी 24 घंटे रहेगी चालू
Shubhra Nandi
Ambedkar Hospital OPD
रायपुर, 03 मार्च। Ambedkar Hospital OPD : होली त्योहार के मद्देनज़र डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अस्पताल प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों सहित सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
होली के दिन 4 मार्च को शासकीय अवकाश के कारण अस्पताल का बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) बंद रहेगा। हालांकि, आपातकालीन सेवाएं पूर्व की भांति 24 घंटे निरंतर संचालित होंगी। आपात चिकित्सा विभाग में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी वार्डों में जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, समस्त मेडिकल स्टाफ को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
त्योहार के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों को देखते हुए अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
डीकेएस अस्पताल में रेफर की व्यवस्था
जरूरत पड़ने पर मरीजों को डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में रेफर किया जाएगा। इसके लिए अंबेडकर अस्पताल से डीकेएस अस्पताल तक एम्बुलेंस परिवहन सेवा उपलब्ध रहेगी।
सुरक्षित होली मनाने की अपील
अस्पताल प्रबंधन ने नागरिकों से सुरक्षित और सावधानीपूर्वक होली मनाने (Ambedkar Hospital) की अपील की है। किसी भी प्रकार की मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में मरीज सीधे अंबेडकर अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में आकर उपचार प्राप्त कर सकते हैं।
होली का त्योहार खुशियों और उल्लास का प्रतीक है, लेकिन स्वास्थ्य और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। अंबेडकर अस्पताल ने यह स्पष्ट कर दिया है कि त्योहार पर भी जीवन रक्षक सेवाएं कभी नहीं रुकेंगी, और आपात स्थिति में मदद के लिए हमेशा तैयार रहेगा। इसलिए सभी नागरिकों से अपील है कि सुरक्षित और सावधानीपूर्वक होली मनाएं, बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखें, और किसी भी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में तुरंत अस्पताल के इमरजेंसी विभाग का रुख करें। याद रखिए, एक पल की लापरवाही, जीवन पर भारी पड़ सकती है।