रायपुर, 25 फरवरी। National Round Table Conference : भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य निर्वाचन आयुक्तों का एक दिवसीय राष्ट्रीय राउंड टेबल सम्मेलन मंगलवार, 24 फरवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ।
सम्मेलन भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसमें छत्तीसगढ़ के राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह सहित देश के सभी राज्यों के राज्य निर्वाचन आयुक्त, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एवं राज्य निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य राज्यों में स्थानीय निकाय चुनावों के संचालन के लिए भारत निर्वाचन आयोग और राज्य निर्वाचन आयोगों के मध्य समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा। बैठक में विभिन्न प्रशासनिक, तकनीकी एवं विधिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्थानीय चुनावों के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने हेतु भारत निर्वाचन आयोग की विधानसभा निर्वाचक नामावली का अद्यतन डाटा यथासंभव सात दिवस के भीतर उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, ताकि नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव निर्धारित समयावधि में संपन्न कराए जा सकें। उन्होंने संसाधनों के बेहतर उपयोग की दृष्टि से राज्यों की आवश्यकता के अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जनवरी–फरवरी 2025 में छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय एवं पंचायतों के चुनाव 36 दिनों की अवधि में सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए थे, जो प्रशासनिक समन्वय का एक सफल उदाहरण है।मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राज्यों के निर्वाचन आयोगों द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं पर सकारात्मक विचार कर शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन दिया। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवन्त कुमार, राज्य निर्वाचन आयोग के उप सचिव आलोक कुमार श्रीवास्तव तथा आईटी विशेषज्ञ डॉ. सत्यकाम बेहार भी उपस्थित रहे।

