Jaundice Crisis : अंबिकापुर में पीलिया से दो की मौत…! कांग्रेस ने किया नगर निगम कार्यालय का घेराव

Jaundice Crisis : अंबिकापुर में पीलिया से दो की मौत…! कांग्रेस ने किया नगर निगम कार्यालय का घेराव

अंबिकापुर, 25 फरवरी। Jaundice Crisis : अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में पिछले दो दिनों के भीतर पीलिया से दो लोगों की मौत के बाद जनाक्रोश बढ़ गया है। नगर निगम की कथित लापरवाही के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।

छात्र की इलाज के दौरान मौत

नमनाकला खटिक पारा निवासी दिव्यांश राय (13), जो एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था, 19 फरवरी से बीमार था। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जांच में पीलिया की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर किया, लेकिन आर्थिक और अन्य कारणों से परिजन उसे रायपुर नहीं ले जा सके। बाद में मिशन अस्पताल में इलाज शुरू कराया गया। वहां भी सुधार नहीं होने पर मंगलवार को दूसरे निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

युवक ने भी तोड़ा दम

जनपद पारा निवासी सोना लाल (40) की भी पीलिया से मौत हो गई। उसकी जांच नवापारा यूपीएचसी में हुई थी, जहां पीलिया की पुष्टि हुई थी। उसने 22 फरवरी को दम तोड़ दिया। CMHO डॉ. पी.एस. मार्को ने छात्र और युवक की मौत की पुष्टि की है। स्वास्थ्य विभाग ने जिन क्षेत्रों में मौत हुई है, वहां स्वास्थ्य शिविर लगाने की घोषणा की है।

नवागढ़ और मोमिनपुर में 60 मरीज

शहर के नवागढ़ और मोमिनपुर क्षेत्र में पीलिया के करीब 60 मरीज सामने आए हैं। पिछले एक महीने से इन इलाकों में लगातार मरीज मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पेयजल के सैंपल की जांच कराई गई, जिसमें कुछ नमूनों में ई-कोलाई बैक्टीरिया खतरनाक स्तर पर पाया गया है। इसे संक्रमण फैलने का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

प्रशासन अलर्ट, जांच जारी

स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कर रही है। पानी की टंकियों और पाइपलाइन की सफाई, क्लोरीनेशन और दवा वितरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से उबला हुआ पानी पीने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

इधर, स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर साफ पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, जिसके कारण स्थिति गंभीर हुई। कांग्रेस ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

राज्य खबर