Site icon AB News.Press

Special Intensive Revision Drive : मतदाता सूची का किया गया अंतिम प्रकाशन…8,42,695 मतदाता पंजीकृत, राजनीतिक दलों को सौंपी गई निर्वाचक नामावली

Special Intensive Revision Drive: Final voter list published...8,42,695 voters registered, electoral rolls handed over to political parties

Special Intensive Revision Drive

रायगढ़, 21 फरवरी। Special Intensive Revision Drive : भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के दिशा-निर्देशों एवं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर आज जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची की एक-एक प्रतियां तथा फोटो रहित मतदाता सूची की पीडीएफ निःशुल्क प्रदान की गई।

बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि राज्य भर में 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुआ यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरी तरह मिशन मोड पर संचालित किया गया। इस व्यापक प्रक्रिया के दौरान जिले के 1,217 बीएलओ ने कड़ी मेहनत करते हुए घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया और कुल 9,14,669 मतदाताओं के मिलान एवं मैपिंग के कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

आधुनिकता और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने 8,33,681 प्राप्त गणना फॉर्मों का पूर्णतः डिजिटलीकरण किया। सर्वेक्षण के दौरान मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दोहरे पंजीकरण वाले मतदाताओं की पहचान की गई और जिन मतदाताओं के गणना फॉर्म वापस नहीं मिले, उनकी पुष्टि के लिए राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ विशेष बैठकें आयोजित कर ऐसी सूचियों को जिला निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइटraigarh.gov.inपर भी सार्वजनिक किया गया। उन्होंने बताया कि प्रारूप ड्राफ्ट सूची के पहले जिले में 9,14,669 मतदाता थे। प्रारूप ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद 8,33,681 मतदाता और मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में 8,42,695 मतदाता पंजीकृत हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रारूप ड्राफ्ट सूची प्रकाशन के बाद अंतिम सूची में शुद्ध रूप से 9,014 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है। अंतिम प्रकाशन के पश्चात विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार लैलूंगा में 1,97,302, रायगढ़ में 2,34,021, खरसिया में 2,05,963 और धरमजयगढ़ में 2,05,409 मतदाता शामिल हैं। निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को समय सीमा में पूरा करने के लिए 04 ईआरओ, 93 एईआरओ, 1,156 बीएलओ और 3,137 बूथ लेवल एजेंटों सहित कई स्वयंसेवकों ने अपनी सक्रिय और सराहनीय भागीदारी निभाई। दावा और आपत्तियों के निराकरण के लिए 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक का समय दिया गया था, जिनका पूर्ण निराकरण 14 फरवरी 2026 तक कर लिया गया। वर्तमान में अंतिम मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित ईआरओ/एईआरओ कार्यालयों और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइटhttps://ceochhattisgarh.nic.inपर अवलोकन के लिए उपलब्ध है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला प्रशासन की ओर से जिले के नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों द्वारा इस चार महीने लंबे अभियान में दिए गए अभूतपूर्व सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने बताया कि ऐसे युवा जो 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, परंतु उनका नाम सूची में नहीं है, वे अभी भी फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके अतिरिक्त आगामी अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 के संदर्भ में भी भावी मतदाताओं से फॉर्म-6 प्राप्त किए गए हैं और किसी भी त्रुटि सुधार हेतु फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण श्री इनोसेंट कुजूर, श्री समयलाल यादव, श्री आशीष शर्मा, श्री पवन शर्मा, श्री मनीष गांधी, श्री कौशल प्रताप सिंह, श्री प्रमोद कुमार एवं प्रिंकल दास उपस्थित रहे।

Exit mobile version