Gambling Bust : रायपुर में सट्टा गिरोह का बड़ा खुलासा…! 17 लाख कैश के साथ 4 गिरफ्तार…यहां देखें Video

Gambling Bust : रायपुर में सट्टा गिरोह का बड़ा खुलासा…! 17 लाख कैश के साथ 4 गिरफ्तार…यहां देखें Video

रायपुर, 13 फरवरी। Gambling Bust : एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम ने ऑनलाइन सट्टे के बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 17 लाख रुपये की नगदी और अन्य सामान जब्त किया है। यह कार्रवाई रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में की गई, जहां चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो अवैध रूप से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।

वित्तीय दस्तावेज भी किए बरामद

इस मामले में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने तिरंगा चौक के पास रेड मारकर दीपक सचदेवा, गौरव सचदेवा, ऋषभ रंगलानी, और ओम खेमानी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 17 लाख रुपये नगद, 7 मोबाइल फोन, 4 बैंक पासबुक, 27 एटीएम/क्रेडिट/डेबिट कार्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेज भी बरामद किए गए।

ऑनलाइन सट्टे का तरीका

आरोपियों द्वारा ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइट्स जैसे ramco777.com, wood777.com, और powerexch.com के माध्यम से सट्टा चलाया जा रहा था। वे आईडी की बिक्री कर अवैध लाभ कमा रहे थे, और म्यूूल खातों का उपयोग कर रहे थे। म्यूूल खातों के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है, ताकि इन खातों के मालिकों को भी पकड़ा जा सके।

अब तक की कार्रवाई

वर्ष 2026 में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट ने अब तक ऑनलाइन सट्टा के 3 प्रमुख प्रकरणों में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लगभग 1,92,20,000 रुपये की रकम, 2 लैपटॉप, 4 चारपहिया वाहन, 27 मोबाइल फोन और अन्य वित्तीय दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल की निगरानी में यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है और आगामी कार्रवाई जारी है।

आरोपियों की पिछली जानकारी

गिरफ्तार हुए आरोपी दीपक सचदेवा और ओम खेमानी पहले भी सट्टा के मामलों में जेल जा चुके थे। अब इनकी गिरफ्तारी से ऑनलाइन सट्टा के नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा सकेगा। पुलिस ने आईडी लेकर ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की है और उन पर भी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बदलते अपराध के तहत पुलिस की बदलती रणनीति के परिणाम के तौर पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।
क्राइम न्यूज