Site icon AB News.Press

CM Kanya Vivah योजना के तहत 6,412 जोड़े विवाह बंधन में बंधे…रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

Under the CM Kanya Vivah scheme, 6,412 couples tied the knot... A state-level program was organized in Raipur.

CM Kanya Vivah

रायपुर, 10 फरवरी। CM Kanya Vivah : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रदेशभर के 6,412 से अधिक नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। विभिन्न धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जोड़े विवाह सूत्र में बंधे।

मुख्य कार्यक्रम में 1,316 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जबकि बलौदा बाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद और राजनांदगांव जिलों के जोड़े ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। शेष जिलों में जिला मुख्यालयों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे बैंक खाते में तथा 15 हजार रुपये की उपहार सामग्री और विवाह आयोजन पर व्यय प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने “कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान” का भी शुभारंभ किया। अभियान के प्रथम चरण में 6 माह से 52 माह आयु वर्ग के 40 हजार कुपोषित बच्चों को शामिल किया जाएगा। इसकी शुरुआत बस्तर संभाग के बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा जिलों से की गई है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और श्री विजय शर्मा, केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज हिंदू रीति से 6,281, मुस्लिम रीति से 3, ईसाई रीति से 113, बौद्ध रीति से 5 तथा बैगा समुदाय के 10 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर प्रदान कर सामाजिक समरसता और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Exit mobile version