Site icon AB News.Press

Kingdom Book : कवर्धा में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश…! ‘सट्टा किंग’ राजा सरदार गिरफ्तार…करोड़ों के लेन-देन की जांच तेज

Kingdom Book: Online betting racket busted in Kawardha...! 'Betting King' Raja Sardar arrested... Investigation into transactions worth crores intensifies.

Kingdom Book

कवर्धा, 09 फरवरी। Kingdom Book : कवर्धा जिले में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘सट्टा किंग’ के नाम से चर्चित राजा सरदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अवैध सट्टा संचालित कर रहा था। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और तकनीकी निगरानी के बाद की गई, जिससे जिले में सक्रिय एक बड़े ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क रायपुर निवासी अनीश खान के इशारे पर चल रहा था। अनीश खान सुपर आईडी उपलब्ध कराता था, जिसके जरिए आगे सट्टेबाजी की आईडी बांटी जाती थीं। हालांकि अनीश खान और उसका सहयोगी स्वयं खुराना फिलहाल फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

80 सट्टा आईडी का खुलासा

सूत्रों के अनुसार ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ नेटवर्क के तहत 70 से 80 ऑनलाइन सट्टा आईडी पहले ही सक्रिय की जा चुकी थीं। इन आईडी के जरिए करोड़ों रुपये के लेन-देन की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल डिवाइस जब्त किए हैं, जिनमें सट्टेबाजी से जुड़े अहम इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिले हैं।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी राजा सरदार पूर्व में गांजा तस्करी के एक मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल जब्त मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

इस मामले की जानकारी देते हुए कवर्धा एसपी धर्मेंद्र सिंह छवई ने बताया कि ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ नामक सट्टा पैनल को सत्यवीर सिंह खुराना उर्फ राजा सरदार अवैध रूप से संचालित कर रहा था। आरोपी द्वारा करीब 80 सट्टा आईडी बांटी गई थीं, जिनसे बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा खेला जा रहा था। आरोपी को सोमवार को न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया जाएगा।

एसपी ने यह भी बताया कि इस प्रकरण में रोहित जांगड़े की संलिप्तता भी सामने आई है। मामले में ऑनलाइन सट्टा गेमिंग एक्ट की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। एक एएसपी और डीएसपी के नेतृत्व में साइबर टीम आईडी नेटवर्क और लेन-देन की गहन जांच कर रही है।

इस कार्रवाई के बाद कवर्धा जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय ऑनलाइन सट्टा गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का दावा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस डिजिटल सट्टा नेटवर्क की पूरी परतें उजागर की जाएंगी।

Exit mobile version