Site icon AB News.Press

Attempted self-Immolation : खैरागढ़ कलेक्टरेट परिसर में अधेड़ ने किया आत्मदाह का प्रयास…! पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

Attempted self-immolation: A middle-aged man attempted self-immolation at the Khairagarh Collectorate premises...! A major tragedy was averted due to the prompt action of the police.

Attempted self-Immolation

खैरागढ़, 09 फरवरी। Attempted self-Immolation :  खैरागढ़ जिले के कलेक्टरेट परिसर में उस समय अफरा‑तफरी मच गई, जब एक अधेड़ व्यक्ति ने खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगाने की कोशिश की। यह घटना दिन के समय हुई, जब परिसर में अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक मौजूद थे। अचानक हुई इस घटना से पूरे कलेक्टरेट में हड़कंप मच गया, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस और कर्मचारियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

गांव में कथित सामाजिक बहिष्कार का शिकार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान शीतलाल निर्मलकर, निवासी कटंगी गंडई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शीतलाल अपने गांव में कथित सामाजिक बहिष्कार का शिकार था। इसी मामले को लेकर वह लंबे समय से प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काट रहा था, लेकिन उसे अब तक कोई ठोस समाधान नहीं मिल पाया था। लगातार मानसिक तनाव और निराशा के चलते उसने कलेक्टरेट परिसर में यह खतरनाक कदम उठाने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शीतलाल निर्मलकर ने अचानक अपने ऊपर मिट्टी तेल डाल लिया और आग लगाने का प्रयास किया। यह देखते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद वहां तैनात पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया। इस दौरान वह हल्का घायल हुआ, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से उसकी जान बच गई।

घटना के बाद पुलिस ने उसे अपनी सुरक्षा में लिया और तत्काल पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। पीड़ित शीतलाल निर्मलकर का आरोप है कि उनके गांव के कुछ लोगों ने उनका सामाजिक बहिष्कार कर दिया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस मामले में पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों में शिकायतें दर्ज कराई थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई या न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि लगातार अनदेखी और लापरवाही के कारण उन्हें बहुत ज़्यादा मानसिक परेशानी हुई, जिसकी वजह से उन्होंने आत्महत्या करने की कोशिश की।

Exit mobile version