कोरबा, 03 फरवरी। KORBA BREAKING : जिले में पुलिस सुधार और जवाबदेही को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पाली थाना प्रभारी पर लगे गंभीर आरोपों ने प्रशासन में हलचल मचा दी है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष ने पाली थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार यादव पर अवैध वसूली और ग्रामीणों को डराने-धमकाने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कोरबा को पत्र के माध्यम से की गई है।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि थाना प्रभारी क्षेत्र में शराब और अन्य अवैध गतिविधियों के नाम पर ग्रामीणों से जबरन वसूली कर रहे हैं। कार्रवाई का भय दिखाकर लोगों से पैसे ऐंठे जाने की बात कही गई है, जिससे गांवों में पुलिस के प्रति नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों में भय, पुलिस की छवि पर सवाल
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि थाना प्रभारी की कथित कार्यशैली के कारण ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। आम जनता में भय का माहौल है और इससे पुलिस की छवि को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
15 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
मामले को गंभीर बताते हुए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर शिकायत पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सवालों के घेरे में पुलिस प्रशासन
गौरतलब है कि यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में आईजी बिलासपुर रेंज ने कोरबा जिले के थानेदारों को लापरवाही और मनमानी पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए थे। ऐसे में सवाल उठता है कि पाली थाना प्रभारी पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी या मामला फाइलों में दबकर रह जाएगा।

