Drug Smuggling : सर्प मित्र की आड़ में गांजा तस्करी…! महासमुंद का स्टार यूट्यूबर गिरफ्तार…5 क्विंटल से ज्यादा गांजा हुआ बरामद
Shubhra Nandi
Drug Smuggling
महासमुंद, 31 जनवरी। Drug Smuggling : महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए चर्चित यूट्यूबर और सर्प मित्र आकाश जाधव को गिरफ्तार किया है। आरोपी आकाश जाधव के यूट्यूब चैनल पर 56 लाख 80 हजार से अधिक सब्सक्राइबर हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर उसके 5 लाख 17 हजार फॉलोअर्स हैं।
5 क्विंटल से ज्यादा बरामद
महासमुंद पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक एंबुलेंस को रोका, जिसमें से 5 क्विंटल 20 किलो गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले की जांच के बाद पुलिस ने थोक बिक्री, परिवहन, थोक खरीदार और फुटकर सप्लाई से जुड़े कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आकाश जाधव महाराष्ट्र के अहिल्यापुर का रहने वाला है और सोशल मीडिया पर वह खुद को सर्प मित्र और स्नेक रेस्क्यू से जुड़ा व्यक्ति बताता था। जांच में सामने आया है कि वह इसी पहचान की आड़ में ओडिशा से गांजा लेकर महाराष्ट्र, विशेषकर पुणे तक सप्लाई करता था।
महासमुंद पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कोमाखान थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि आकाश जाधव पिछले एक साल में 6 से 7 बार ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा महाराष्ट्र ले जा चुका था। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।