Political News : कांग्रेस का संगठनात्मक दांव…! प्रदेशस्तरीय कनेक्ट सेंटर का गठन…दीपक मिश्रा चेयरमेन…PCC सचिव बने को-चेयरमेन
Shubhra Nandi
Political News
रायपुर, 29 जनवरी। Political News : आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय करने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी ने प्रदेशस्तरीय कनेक्ट सेंटर का गठन किया है। इस नई पहल को संगठनात्मक मजबूती और आंतरिक समन्वय की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
कनेक्ट सेंटर कमेटी की कमान कांग्रेस महामंत्री दीपक मिश्रा को सौंपी गई है, जबकि पीसीसी सचिव पल्लवी सिंह और अशोक चतुर्वेदी को को-चेयरमेन बनाया गया है। यह नियुक्तियां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर की गई हैं, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि प्रदेश नेतृत्व अब संगठन की कार्यप्रणाली पर सीधे और सतत निगरानी रखना चाहता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कनेक्ट सेंटर के माध्यम से कांग्रेस संगठन के भीतर संवाद की कमी, फीडबैक सिस्टम और कार्यकर्ताओं की शिकायतों जैसे मुद्दों को समयबद्ध तरीके से सुलझाने की कोशिश करेगी। साथ ही, ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर चल रहे कार्यक्रमों की प्रगति की रियल-टाइम मॉनिटरिंग भी इस सेंटर की प्रमुख जिम्मेदारी होगी। इस संबंध में औपचारिक आदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू द्वारा जारी किया गया है।