रायपुर, 25 जनवरी। Election Commission of India : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आज 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे देश में उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “मेरा भारत, मेरा वोट” रखी गई है, जबकि टैगलाइन “भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक” निर्धारित की गई है।
राष्ट्रीय स्तर पर 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू एवं डॉ. विवेक जोशी के साथ कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।
परंपरा के अनुसार माननीय राष्ट्रपति समारोह को संबोधित करेंगी तथा नव पंजीकृत युवा मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) प्रदान करेंगी। इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ चुनावी प्रथा पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे, जिनमें तकनीक का प्रभावी उपयोग, निर्वाचन प्रबंधन एवं लॉजिस्टिक्स, नवाचार आधारित मतदाता जागरूकता, आदर्श आचार संहिता का प्रवर्तन, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण सहित अन्य विशेष पुरस्कार तथा मीडिया पुरस्कार शामिल हैं।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दो प्रकाशनों — “2025: ए ईयर ऑफ इनिशिएटिव्स एंड इनोवेशन” तथा बिहार में आम चुनावों के सफल संचालन पर आधारित “चुनाव का पर्व, बिहार का गर्व” का विमोचन भी किया जाएगा। साथ ही आयोग के वैश्विक नेतृत्व एवं लोकतांत्रिक विकास में योगदान को दर्शाने वाला एक विशेष वीडियो भी प्रदर्शित किया जाएगा। इस अवसर पर एक समर्पित प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मतदाता सूची निर्माण, निर्वाचन संचालन एवं हालिया पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन देशभर में राज्य एवं जिला स्तर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों के माध्यम से किया जाएगा। बूथ स्तर अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित कर नए मतदाताओं का स्वागत करेंगे तथा उन्हें मतदाता पहचान पत्र प्रदान करेंगे।
रायपुर में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ राज्य में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आज को प्रातः 11:00 बजे इंदिरा गांधी कृषि महाविद्यालय, रायपुर स्थित विवेकानंद सभागार में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में निर्वाचन कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों तथा मतदाताओं को विशेष पहल कर मतदान के लिए प्रेरित करने वाले जिलों को सम्मानित किया जाएगा। न
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति इंदर सिंह उबोवेजा, प्रमुख लोकायुक्त, छत्तीसगढ़ लोक आयोग होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. गिरीश चंदेल, कुलपति, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा की जाएगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वर्ष 2025 के सर्वश्रेष्ठ जिला निर्वाचन पुरस्कार अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, सूरजपुर, दुर्ग एवं जशपुर जिलों को सम्मानित किया जाएगा।
इसी प्रकार उत्कृष्ट उप जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में निष्ठा पांडेय तिवारी, जिला मुंगेली को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।उत्कृष्ट निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पुरस्कार हेतु प्रतिमा ठाकरे, जिला बालोद , हरि शंकर पैकरा, जिला महासमुंद , गगन शर्मा जिला बस्तर, चांदनी कंवर जिला सूरजपुर तथा देवेंद्र कुमार चौधरी जिला जांजगीर-चांपा को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्रेणी में ढालसिंह विसेन जिला दुर्ग , ख्याति नेताम जिला रायपुर, पंचराम सलामे जिला बीजापुर , दानिश परवेज जिला बलरामपुर एवं शिव कुमार डनसेना जिला रायगढ़ को सम्मान प्रदान किया जाएगा।
निर्वाचन पर्यवेक्षक के लिए हरीश भाटिया जिला राजनांदगांव को सम्मानित किया जाएगा। वहीं स्पेशल अवार्ड श्रेणी में रायपुर के विनोद कुमार आगलावे एवं विनोद कुमार सोनकेसरिया को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही संभागवार 5 सहायक प्रोग्रामर, 5 डाटा एंट्री ऑपरेटर तथा 10 बूथ लेवल ऑफिसर को भी सम्मानित किया जाएगा।

