बिलासपुर, 13 जनवरी। Big Action : अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में बिना टेंडर प्रक्रिया अपनाए एक ही दिन में करीब 1 करोड़ रुपये की खरीदी किए जाने का मामला सामने आया है। इस गंभीर वित्तीय अनियमितता पर उच्च शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए विश्वविद्यालय के प्राचार्य सहित चार सहायक प्राध्यापकों को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर द्वारा 15 अप्रैल 2025 को एक ही दिन में 26 क्रय आदेश बिना निविदा प्रक्रिया के जारी किए गए थे। इसी तरह शासकीय बोरणा सनातन संस्कृत आदर्श महाविद्यालय, नारायणपुर में 14 अक्टूबर 2025 को 35 लाख रुपये की खरीदी और शासकीय आदर्श महाविद्यालय, लोहारकोट (महासमुंद) में 22 अक्टूबर 2025 को लगभग 1 करोड़ रुपये की खरीदी बिना टेंडर के की गई। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने 28 नवंबर 2025 को अपर संचालक की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की थी। जांच में शासकीय खरीदी नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई।
समिति की रिपोर्ट के आधार पर लोहारकोट महाविद्यालय के प्राचार्य एवं क्रय समिति के सदस्यों को निलंबित किया गया है, वहीं अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय और बोरणा संस्कृत महाविद्यालय के मामलों में भी प्राचार्य समेत चार सहायक प्राध्यापकों पर गाज गिरी है।
उच्च शिक्षा आयुक्तालय ने स्पष्ट किया है कि शासकीय खरीदी नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई को प्रदेश में उच्च शिक्षा संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

