School Closed : कड़ाके की ठंड का असर…! सरगुजा संभाग के दो जिलों में 10 जनवरी तक स्कूलों में अवकाश
Shubhra Nandi
Schools Closed
सरगुजा, 07 जनवरी। School Closed : प्रदेश में जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर के अलर्ट के बीच स्कूलों को बंद करने का सिलसिला लगातार जारी है। पहले बलरामपुर, फिर सरगुजा जिले के बाद अब सरगुजा संभाग के दो और जिलों सूरजपुर और कोरिया में भी ठंड के कारण स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। दोनों जिलों में कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 10 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि शिक्षकों के लिए छुट्टी नहीं होगी।
कलेक्टर कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह निर्देश जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर अनिवार्य रूप से लागू होगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार विद्यालय में उपस्थित रहेंगे।
कोरिया जिले में भी अवकाश
कोरिया जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के अनुमोदन से जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 10 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक यह अवकाश जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं सभी बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों में समान रूप से लागू रहेगा। प्रशासन का कहना है कि अत्यधिक ठंड के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी नियमित समयानुसार विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और शासकीय कार्य पूर्ववत संपादित किए जाएंगे।
कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह कदम एहतियातन उठाया गया है, ताकि छोटे बच्चों को ठंड से होने वाली संभावित बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।