Site icon AB News.Press

Teachers Strike : कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन में शिक्षक संघ भी शामिल

Teachers' Strike: Teachers' unions also join the statewide movement over the employees' 11-point demands.

Teachers' Strike

रायपुर, 28 दिसंबर। Teachers Strike : छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन द्वारा आह्वान की गई तीन दिवसीय निश्चित कालीन कलम बंद-काम बंद हड़ताल (29 से 31 दिसंबर) को छत्तीसगढ़ शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ ने भी अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। यह हड़ताल राज्य के कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और 11 सूत्रीय प्रमुख मांगों को लेकर आयोजित की जा रही है, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे।

संघ के प्रांताध्यक्ष रीतेश सिंह ने कहा कि शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की वर्षों से लंबित मांगों की अनदेखी की जा रही है। यह आंदोलन सभी कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई है, जिसे मजबूती के साथ आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों में पदस्थ व्यायाम शिक्षकों से अपील की है कि वे हड़ताल में भाग लेने के लिए अवकाश लेकर अपने-अपने जिले के संयोजकों से संपर्क स्थापित करें।

रीतेश सिंह ने बताया कि संघ शुरू से ही कर्मचारी हितों के लिए संघर्ष करता रहा है और आगे भी किसी अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगा। 11 सूत्रीय मांगों में वेतन विसंगति, पदोन्नति, सेवा शर्तों में सुधार सहित कई अहम मुद्दे शामिल हैं, जिनका समाधान लंबे समय से लंबित है।

संघ का कहना है कि यदि सरकार ने समय रहते कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। तीन दिवसीय हड़ताल को कर्मचारी एकजुटता का प्रतीक बताया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ ने प्रदेश सरकार से अपील की है कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर शीघ्र निर्णय करें, ताकि शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों।

 

Exit mobile version