Site icon AB News.Press

ABVP Chhattisgarh : एबीवीपी छत्तीसगढ़ का 58वां प्रांत अधिवेशन संपन्न…! प्रदेशभर से 557 कार्यकर्ताओं की रही सहभागिता…नए पदाधिकारियों की घोषणा

ABVP Chhattisgarh: The 58th provincial convention of ABVP Chhattisgarh concludes...! 557 workers from across the state participated... New office bearers announced.

ABVP Chhattisgarh

भिलाई, 25 दिसंबर। ABVP Chhattisgarh : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) छत्तीसगढ़ प्रदेश का 58वाँ प्रांत अधिवेशन 19 से 21 दिसंबर 2025 तक दुर्ग जिले के भिलाई स्थित सेक्टर-6 सिविक सेंटर के कला मंदिर “भगवान बिरसा मुंडा नगर” में भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में प्रदेशभर से कुल 557 कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

अधिवेशन के अंतर्गत आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल (रजत जयंती वर्ष के परिप्रेक्ष्य में), राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020, अभाविप के शिल्पकार प्रो. यशवंतराव केलकर जी का जीवन-दर्शन तथा प्रदेश के सभी जिलों के प्रमुख कार्यक्रमों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का नाम शहीद कौशल यादव जी के नाम पर रखा गया। उद्घाटन कार्यक्रम में संघ के पूर्व क्षेत्रीय कार्यवाह बिसरा राम यादव जी मुख्य अतिथि रहे, जबकि डॉ. मानसी गुलाटी जी एवं तत्कालीन प्रदेश मंत्री यज्ञदत्त वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शिक्षा, समरसता और राष्ट्रभक्ति पर मंथन

प्रांत अधिवेशन का शुभारंभ 19 दिसंबर को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित बघेल एवं प्रदेश मंत्री श्री यज्ञदत्त वर्मा द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। मंत्री प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए यज्ञदत्त वर्मा ने संगठन के राष्ट्रीय कार्यक्रमों, वर्षभर की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘खेलो भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश में 17,510 विद्यार्थियों की सहभागिता रही तथा सत्र 2024–25 में अभाविप छत्तीसगढ़ की कुल 1,91,086 सदस्यता दर्ज की गई। छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर CSVTU तथा पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से संबंधित आंदोलनों का भी उल्लेख किया गया।

वन्देमातरम् गीत के पश्चात सत्र 2024–25 का कार्यकाल समाप्त घोषित किया गया। निर्वाचन अधिकारी डॉ. शैलेश द्विवेदी द्वारा निर्वाचन परिणाम प्रस्तुत किए गए, जिसके बाद सत्र 2025–26 के लिए सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विकास कुमार पाण्डेय (बिलासपुर) एवं प्रदेश मंत्री श्री अनंत सोनी (अंबिकापुर) को घोषित किया गया।

भिलाई में जुटे 557 कार्यकर्ता

अधिवेशन का भव्य उद्घाटन माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव जी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अभाविप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. आशुतोष मांडवी जी उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि अभाविप विश्व का सबसे बड़ा और अनोखा छात्र संगठन है, जिसकी भूमिका राष्ट्रीय शिक्षा नीति जैसे ऐतिहासिक निर्णयों में महत्वपूर्ण रही है।

अधिवेशन में रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राज्य के समग्र विकास विषय पर परिसंवाद आयोजित हुआ। साथ ही दो प्रमुख भाषण सत्रों में राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान ने ‘कार्य विस्तार की दिशा’ तथा क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतस सुखड़िया ने ‘वन्देमातरम्- राष्ट्रभक्ति की अमर पुकार’ विषय पर संबोधन दिया।

अधिवेशन में तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए, गुणवत्तायुक्त एवं रोजगारपरक शिक्षा हेतु ठोस कदम। नशा मुक्त, नक्सल मुक्त एवं समरस छत्तीसगढ़ का संकल्प। लोक परंपराओं के माध्यम से स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ समाज का निर्माण।

अंतिम सत्र में प्रदेश मंत्री अनंत सोनी ने आगामी कार्यक्रमों की घोषणा की। समापन भाषण में प्रदेश संगठन मंत्री महेश साकेत जी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्ता समाज की बुराइयों को मिटाने के लिए दीपक की तरह निरंतर प्रकाश फैलाता है।

प्रदेश मंत्री अनंत सोनी ने कहा कि इस अधिवेशन से संगठनात्मक एवं कार्यात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और प्रदेशभर में छात्रशक्ति और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ेगी।

Exit mobile version