Site icon AB News.Press

SP Action : जंगल में चल रहे बड़े जुआ फड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई…! 20 जुआरी गिरफ्तार…थाना प्रभारी निलंबित…SP का सख्त संदेश

SP Action: Police take major action against large gambling operation running in the forest...! 20 gamblers arrested... Station in-charge suspended... SP sends a strong message.

SP Action

कोरबा, 21 दिसंबर। SP Action :जिले में अवैध जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए लंबे समय से संचालित हो रहे बड़े जुआ फड़ का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर गठित स्पेशल टीम ने रजगामार और उरगा थाना की संयुक्त टीम के साथ मिलकर करतला थाना क्षेत्र के भेलवाटार जंगल में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 20 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जुआरियों के पास से करीब ढाई लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा 26 मोटरसाइकिलें, एक कार और 35 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की संख्या से साफ है कि यह जुआ फड़ बड़े पैमाने पर संचालित हो रहा था, जिसमें आसपास के कई इलाकों के लोग शामिल थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार भेलवाटार का घना और सुनसान जंगल जुआरियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन चुका था। यहां नियमित रूप से जुए की महफिल सजाई जाती थी। सूचना मिलने पर एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गोपनीय तरीके से स्पेशल टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। जैसे ही पुलिस ने जंगल को चारों ओर से घेरा, जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन वे भागने में सफल नहीं हो सके।

थाना प्रभारी पर गिरी गाज

इस पूरे मामले के उजागर होने के बाद स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए। जांच में सामने आया कि करतला थाना क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर जुआ संचालित हो रहा था, बावजूद इसके थाना स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने करतला थाना प्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अवैध गतिविधियों पर आंख मूंदने या लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई न केवल अपराधियों के खिलाफ बल्कि पुलिस महकमे के भीतर अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए भी एक सख्त संदेश मानी जा रही है।
Exit mobile version