Big Action : गरियाबंद से बड़ी खबर…! जनपद पंचायत मैनपुर की CEO हटाई गईं…अनियमितता पर बड़ी कार्रवाई…देखें आदेश
Shubhra Nandi
Big Action
गरियाबंद, 16 दिसंबर। Big Action : प्रधानमंत्री आवास योजना में गंभीर अनियमितता सामने आने के बाद जनपद पंचायत मैनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्वेता वर्मा पर गाज गिर गई है। जिला पंचायत गरियाबंद के सीईओ प्रखर चंद्राकर ने उन्हें जनपद सीईओ के पद से हटाने का आदेश जारी कर दिया है।
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कई ऐसे आवास, जो वास्तविक रूप से अधूरे थे, उन्हें कागज़ों में पूर्ण दर्शाया गया। इतना ही नहीं, इन्हीं अपूर्ण आवासों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों गृह प्रवेश कार्यक्रम भी करवा दिया गया, जिसे प्रशासनिक स्तर पर बड़ी लापरवाही माना गया है।
जांच में सामने आया कि योजना के क्रियान्वयन में नियमों का पालन नहीं किया गया और वास्तविक स्थिति को छिपाकर गलत रिपोर्टिंग की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत सीईओ ने तत्काल प्रभाव से सुश्री श्वेता वर्मा को जनपद पंचायत मैनपुर के सीईओ पद से हटाने के आदेश जारी किए हैं।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। संभावना जताई जा रही है कि मामले में आगे भी विस्तृत जांच और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री आवास योजना की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।