Site icon AB News.Press

Murder Exposed : प्रेमिका की हत्या कर जलाया शव…पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे में किया अरेस्ट…यहां देखें

Murder Exposed: Girlfriend murdered and body burnt...Police arrested the accused within 24 hours...See here

Murder Exposed

दुर्ग, 10 दिसंबर। Murder Exposed : उतई थाना क्षेत्र में 8 दिसंबर की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब करगाडीह पाउवारा नहर के पास एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी विजय अग्रवाल खुद मौके पर पहुंचे और मामला ब्लाइंड मर्डर होने के कारण तत्काल जांच तेज करने के निर्देश दिए।

6 टीमों ने मिलकर सिर्फ 24 घंटे में खोला हत्या का राज

महिला की पहचान मुश्किल थी, क्योंकि शव पूरी तरह जला हुआ था। एसएसपी ने क्राइम, ACCU और थाना पुलिस मिलाकर 6 टीमों का गठन किया। टीमों ने दुर्ग और आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों की जांच शुरू की। इसी दौरान पता चला कि सुपेला थाना क्षेत्र में विजय बांधे नामक युवक ने 9 दिसंबर को उर्मिला निषाद की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। कड़ाई से पूछताछ करने पर वह टूट गया और हत्या करने की बात कबूल कर ली।

प्रेम-प्रसंग के बढ़ते दबाव से रचा खौफनाक प्लान

आरोपी विजय बांधे (24 वर्ष) केटरिंग का काम करता है और उर्मिला निषाद भी पिछले 2–3 साल से उसके साथ काम कर रही थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जबकि विजय शादीशुदा था और उसकी पत्नी गर्भवती है। उर्मिला उस पर शादी का दबाव बना रही थी, साथ ही पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों में विवाद रहता था। उर्मिला द्वारा सार्वजनिक रूप से बेइज्जत किए जाने से परेशान विजय ने उससे पीछा छुड़ाने के लिए हत्या की साज़िश रच डाली।

मोमोस खाने ले गया, फिर धारदार हथियार से गला रेता

7 दिसंबर की शाम विजय उर्मिला के घर पहुंचा और पाटन में शादी समारोह का काम होने का झांसा देकर उसे प्लेटिना बाइक से उतई लेकर गया। रास्ते में मोमोस-पकौड़ा पैक करवाया और उर्मिला को पुरई के सुनसान नहर किनारे मैदान में ले गया। वहीं दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। हत्या की तैयारी कर आए विजय ने सुपेला से खरीदे धारदार चापर से उसके गले पर हमला किया, जिससे उर्मिला की मौके पर ही मौत हो गई।

सबूत मिटाने के लिए पेट्रोल डालकर जलाया शव

हत्या के बाद विजय ने बोतल में लाया पेट्रोल शव पर डालकर आग लगा दी। इसके बाद वह वहां से भागकर अपने गांव करगाडीह लौट गया और अगले ही दिन उर्मिला की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करा दी, ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी सफलता

पुलिस ने मात्र 24 घंटे में इस चुनौतीपूर्ण अंधे कत्ल का पर्दाफाश किया और आरोपी विजय बांधे को गिरफ्तार कर लिया। मामले में प्रयुक्त हथियार, बाइक और अन्य सबूत भी बरामद कर लिए गए हैं।

Exit mobile version