Site icon AB News.Press

International Para Weightlifter : अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रोहित की 20 हमलावरों ने कर दी हत्या…! छेड़छाड़ का विरोध बना मौत की वजह

International Para Weightlifter Rohit Sharma was murdered by 20 assailants... protesting molestation became the cause of his death.

International Para Weightlifter

रोहतक, 30 नवंबर। International Para Weightlifter : हरियाणा के रोहतक और भिवानी ज़िले में अंतरराष्ट्रीय पैरा वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी रोहित की हत्या ने सनसनी फैला दी है। रोहतक के गांव हिमायूंपुर निवासी रोहित की देर रात भिवानी से लौटते समय लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में PGIMS रोहतक में भर्ती रोहित ने शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। शुक्रवार रात रोहित अपने मित्र जतिन के साथ भिवानी के गांव रिवाड़ी खेड़ा में एक पारिवारिक शादी में गया था। समारोह के दौरान कथित तौर पर बारात में शामिल नशे में धुत्त युवक लड़कियों से छेड़छाड़ कर रहे थे। रोहित और जतिन द्वारा विरोध करने पर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ, जिसे परिजनों ने बीच-बचाव कर शांत भी करा दिया।

रेलवे फाटक के पास घेरकर मारपीट

मामला शांत होने के बावजूद रात करीब 12 बजे रोहित की Scorpio (HR-77 D 5491) को रिवाड़ी खेड़ा–बामला रेलवे फाटक के पास रोक लिया गया। आरोप है कि राहुल तिगड़ाना नामक युवक और उसके 15–20 साथियों ने रोहित पर लाठी, डंडों, लोहे की रॉड और नुकीले हथियारों से बर्बर हमला किया। वार इतने गंभीर थे कि रोहित मौके पर ही बेसुध हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम पहुंची और रोहित को पहले भिवानी के कदम अस्पताल, फिर रेफर कर PGIMS रोहतक ले जाया गया। शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी माता-पिता का इकलौता बेटा

रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैरा वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका था और गांव में जिमखाना भी चलाता था। रोहित के जीजा रवि खासा और प्रत्यक्षदर्शी जतिन का कहना है कि, महिलाओं से छेड़छाड़ का विरोध करना ही रोहित की जान ले गया।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस

सदर थाना भिवानी के SHO विकास फोगाट ने पुष्टि की है कि मामला बेहद गंभीर है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
Exit mobile version