आरंग, 13 नवंबर। Swearing-in Ceremony : ग्राम पंचायत बाना (आरंग) में रविवार को भानसोज परिक्षेत्र साहू समाज के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह बड़े ही गरिमामय और ऐतिहासिक माहौल में सम्पन्न हुआ। समारोह में प्रदेश के चार विधायक और एक मंत्री की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहू, विधायक मोतीलाल साहू (रायपुर ग्रामीण), विधायक इंद्र कुमार साहू (अभनपुर), विधायक रोहित साहू (राजिम) तथा पूर्व विधायक चंद्रशेखर साहू (अभनपुर) उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और समाज की उन्नति के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर परिक्षेत्र साहू समाज के अध्यक्ष गोविंद साहू की मांग पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहू ने ग्रामीण साहू समाज, बाना के भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की। साथ ही उन्होंने परिक्षेत्र साहू समाज भवन के लिए 15 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि की घोषणा भी की।
समारोह में उपस्थित विधायकों ने समाज की एकता, प्रगति और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को सराहते हुए युवाओं को समाज सेवा और विकास के लिए आगे आने का आह्वान किया।
विधायक रोहित साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री के द्वारा राजिम में माता राजिम की 70 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा के निर्माण हेतु 5 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। उन्होंने कहा, यह पूरे साहू समाज के लिए गर्व का विषय है कि हमारी संस्कृति और परंपरा को इतनी सम्मानजनक पहचान मिली है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिला मंडल, और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के बाद समाज के पदाधिकारियों ने समाज के उत्थान, शिक्षा, और सामाजिक एकता के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

