Site icon AB News.Press

NAMTECH Model : छत्तीसगढ़ के युवाओं को मिलेगा आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण…मुख्यमंत्री ने NAMTECH मॉडल अपनाने की की पहल

NAMTECH Model: Youth of Chhattisgarh will get training in modern technology...Chief Minister took initiative to adopt NAMTECH model

NAMTECH Model

रायपुर, 11 नवंबर। NAMTECH Model : छत्तीसगढ़ सरकार अब युवाओं को आधुनिक तकनीक से लैस कर “विकसित भारत 2047” के विज़न की दिशा में कदम बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज गुजरात के गांधीनगर स्थित NAMTECH कॉलेज का दौरा किया, जो देश में मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी शिक्षा के नवीनतम मॉडल के रूप में जाना जाता है।

मुख्यमंत्री ने संस्थान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, डिजिटल शिक्षण प्रणाली और प्रोजेक्ट आधारित ट्रेनिंग मॉडल का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनके अनुभवों के बारे में जाना और यह समझा कि कैसे यह संस्थान छात्रों को वास्तविक उद्योगिक चुनौतियों के लिए तैयार कर रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि —

“गुजरात महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पवित्र भूमि है, जिसने देश को विकास, आत्मनिर्भरता और नवाचार का मार्ग दिखाया है। हम चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को भी वही अवसर मिले, जहाँ वे आधुनिक तकनीक और औद्योगिक प्रशिक्षण से अपने भविष्य को संवार सकें।”

उन्होंने बताया कि अब राज्य सरकार आईटीआई कॉलेजों को स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन जैसी नई तकनीकों से सुसज्जित करने की योजना पर काम कर रही है। आने वाले समय में इन कॉलेजों में आधुनिक मशीनें और डिजिटल प्रशिक्षण सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि छात्र केवल सैद्धांतिक नहीं बल्कि व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त कर सकें।

NAMTECH कॉलेज के प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को बताया कि गुजरात में उन्होंने एक ऐसा मॉडल अपनाया है जिसमें विभिन्न तकनीकी कॉलेजों को आपस में जोड़ा गया है। इससे शिक्षा अधिक व्यवहारिक और उद्योग-केंद्रित बनी है। यही मॉडल अब छत्तीसगढ़ में भी लागू किया जाएगा।

इस नई पहल से हर वर्ष 10,000 से अधिक युवा आधुनिक तकनीक, स्मार्ट इंडस्ट्री और डिजिटल प्रोडक्शन सिस्टम का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये छात्र सीधे उद्योगों में कार्य करने में सक्षम होंगे और उन्हें रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।

“युवा छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताक़त हैं। हमारा लक्ष्य ऐसे युवाओं को तैयार करना है जो आधुनिक सोच और तकनीक से लैस होकर ‘विकसित छत्तीसगढ़’ और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान दें।” इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव राहुल भगत, उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के सचिव एस. भारतीदासन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Exit mobile version