GST Payment : छत्तीसगढ़ में क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई से जीएसटी भुगतान की सुविधा लागू

GST Payment : छत्तीसगढ़ में क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई से जीएसटी भुगतान की सुविधा लागू

रायपुर, 07 नवंबर। GST Payment : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के निर्देश पर राज्य जीएसटी विभाग और कोष लेखा (ट्रेज़री) विभाग ने व्यवसायियों के हित में जीएसटी रिटर्न भुगतान के लिए क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई (UPI) सुविधा पूरे राज्य में लागू कर दी है।

इस सुविधा की मांग जीएसटी लागू होने के प्रारंभिक समय से ही व्यापारियों, चेंबर ऑफ कॉमर्स और विभिन्न व्यापारिक संगठनों द्वारा की जा रही थी। अब डिजिटल माध्यम से भुगतान करने की यह सुविधा छत्तीसगढ़ के व्यापारियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि इस नई व्यवस्था से कर भुगतान और अधिक सरल, तेज़ और पारदर्शी होगा, और छोटे व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि यह पहल इज ऑफ डूइंग बिज़नेस और डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

इससे पहले करदाताओं के पास केवल नेट बैंकिंग और ओटीसी (Over the Counter) भुगतान के विकल्प उपलब्ध थे, जिससे कई बार छोटे व्यापारियों और नए करदाताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

अब यह सुविधा जीएसटी पोर्टल (www.gst.gov.in) पर उपलब्ध है। करदाता पोर्टल में लॉगिन कर क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई ऐप के माध्यम से सीधे टैक्स का भुगतान कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक और व्यापारी के लिए शासन की प्रक्रियाओं को सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाना है। डिजिटल माध्यम से भुगतान व्यापारियों को सुविधा और गति प्रदान करेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत करेगा। यह पहल छत्तीसगढ़ को डिजिटल भारत और ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस के मानकों पर अग्रणी राज्यों में स्थापित करेगी।”

राज्य खबर