Site icon AB News.Press

Fake ENO फैक्ट्री का किया भंडाफोड़…! क्राइम ब्रांच का ताबड़तोड़ पड़ा छापा…91 हजार नकली ENO पाउच जब्त

Fake ENO factory busted! Crime Branch raids... 91,000 counterfeit ENO pouches seized

Fake ENO

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर। Fake ENO : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इब्राहिमपुर गांव में चल रही नकली ENO बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 91,257 नकली ENO पाउच, लगभग 80 किलो कच्चा माल, पैकिंग मशीन, और 54,780 नकली स्टिकर बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप जैन (45) और जितेंद्र उर्फ छोटू (23) के रूप में हुई है। दोनों इब्राहिमपुर गांव के ही निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, ये लोग असली उत्पाद का दिखावा कर Glaxo Smith Kline Pharmaceuticals Ltd. के नाम से नकली ENO तैयार कर बाजार में बेच रहे थे। यह कार्रवाई कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि यशपाल सप्रा की शिकायत के बाद की गई, जिसमें नकली ENO बनाने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने त्वरित छापेमारी कर फैक्ट्री को सील कर दिया। पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री से 13 किलो से अधिक ENO मार्क वाले प्रिंटेड पैकिंग रोल और 2,100 अधूरे पैकेट भी मिले हैं, जिनमें भराई की प्रक्रिया जारी थी। अब आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नकली उत्पाद किन-किन बाजारों में सप्लाई किया जा रहा था और इस गिरोह में और कौन शामिल हैं। यह कार्रवाई राजधानी में नकली और मिलावटी उत्पादों के खिलाफ चल रहे अभियान की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
Exit mobile version