Site icon AB News.Press

TV Industry : मनोरंजन की दुनिया से दुखद खबर…! महाभारत के ‘कर्ण’ पंकज धीर का निधन…68 की उम्र में कैंसर से हारे जंग

TV Industry: Sad news from the world of entertainment! Mahabharata's 'Karna' Pankaj Dheer passes away...lost battle to cancer at the age of 68.

TV Industry

मुंबई, 15 अक्टूबर। TV Industry : टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और शॉकिंग खबर सामने आई है। महाभारत के कर्ण के रूप में लाखों दिलों पर राज करने वाले अभिनेता पंकज धीर का कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले में किया जाएगा। CINTAA (सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन) ने भी उनके निधन की पुष्टि की और गहरा दुख जताया है। वे CINTAA के पूर्व जनरल सेक्रेटरी भी रहे थे।

कैंसर की जंग हार गए पंकज धीर

पंकज धीर पिछले कुछ वर्षों से कैंसर से पीड़ित थे। इलाज के बाद एक समय वे ठीक हो गए थे, लेकिन हाल ही में बीमारी ने फिर से उन्हें घेर लिया। हालत बिगड़ती चली गई और एक सर्जरी के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका।

अभिनय में अलग पहचान

1988 में बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ में कर्ण के किरदार से उन्हें जो ख्याति मिली, वह आज भी बरकरार है। इस किरदार को उन्होंने इतनी गहराई से निभाया कि वह उनके करियर की पहचान बन गया। दिलचस्प बात यह है कि शुरुआत में उन्होंने अर्जुन की भूमिका के लिए ऑडिशन दिया था और कॉन्ट्रैक्ट भी साइन कर लिया था। लेकिन जब उन्हें मूंछें हटाने को कहा गया, तो उन्होंने मना कर दिया, जिससे बीआर चोपड़ा नाराज हो गए और उन्हें शो से हटा दिया गया। छह महीने तक संघर्ष करने के बाद उन्हें कर्ण का किरदार मिला और वह ऐतिहासिक बन गया।

टीवी और फिल्मों में किया शानदार काम

पंकज धीर ने चंद्रकांता, द ग्रेट मराठा जैसे ऐतिहासिक और पौराणिक धारावाहिकों में भी दमदार भूमिकाएं निभाईं। वहीं फिल्मों में उन्होंने सोल्जर, बादशाह, सड़क, तिरंगा, किंग अंकल जैसी हिट फिल्मों में अभिनय किया।

परिवार में शोक की लहर

पंकज धीर अपने पीछे पत्नी अनीता धीर, बेटे निकितिन धीर और बहू कृतिका सेंगर को छोड़ गए हैं। उनके बेटे निकितिन धीर ने भी पिता की ही तरह टीवी और फिल्मों में पहचान बनाई है। उन्हें चेन्नई एक्सप्रेस में ‘थंगाबली’ के रोल के लिए जाना जाता है, जबकि हाल ही में श्रीमद रामायण में रावण की भूमिका में नजर आए।

इंडस्ट्री और प्रशंसकों में शोक

पंकज धीर की मृत्यु ने टीवी और फिल्म जगत को गहरे शोक में डाल दिया है। सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एक सितारा चला गया, लेकिन उसकी छवि अमर रहेगी। पंकज धीर न केवल एक शानदार अभिनेता थे, बल्कि एक प्रेरक व्यक्तित्व भी, जिनकी कमी इंडस्ट्री लंबे समय तक महसूस करेगी। श्रद्धांजलि पंकज धीर, कर्ण की भूमिका से लेकर असल जिंदगी में भी योद्धा की तरह लड़े।
Exit mobile version