Site icon AB News.Press

Youth Poet’s Conference : छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊर्जा…! मुख्यमंत्री ने युवा कवि सम्मेलन का उद्घाटन किया

Youth Poets' Conference: New energy to Chhattisgarh's cultural heritage! Chief Minister inaugurates Youth Poets' Conference

Youth Poets' Conference

रायपुर, 05 अक्टूबर। Youth Poet’s Conference : प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता शबरी की पावन भूमि पर राज्य स्तरीय युवा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और कलात्मक परंपराओं को नई ऊर्जा देने का संकल्प व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि महाकवि कालिदास ने इसी भूमि पर अमर काव्य ‘मेघदूत’ की रचना की, वहीं गजानन माधव मुक्तिबोध और पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी जैसे यशस्वी साहित्यकारों ने भी छत्तीसगढ़ की मिट्टी से अपनी पहचान बनाई। उन्होंने पूर्व संसदीय क्षेत्र रायगढ़ के प्रसिद्ध संगीत सम्राट राजा चक्रधर सिंह को श्रद्धापूर्वक याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग का यह अभिनव प्रयास प्रदेश के युवा साहित्यकारों, रचनाकारों और कलाकारों को मंच प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित करने का उत्कृष्ट माध्यम है। उन्होंने संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस मंच के जरिए युवा कवियों को देश के ख्यातिलब्ध कवियों से मार्गदर्शन मिलेगा, जो उनके रचनात्मक विकास को नई दिशा देगा।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा छत्तीसगढ़ की संस्कृति गीत, नृत्य और भावनाओं का जीवंत संगम है। यहां हर जीवन के अवसर पर लोक गीतों और नृत्यों की अनूठी परंपरा रही है। यह प्रदेश संतों, महात्माओं और कवियों की कर्मभूमि रहा है, जिसने समाज को सदैव नई दिशा दी है। युवा कवियों से अपेक्षा है कि वे अपनी रचनाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं।

प्रख्यात कवियों का काव्यपाठ

सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित कवि शशिकांत यादव, दिनेश बावरा, नीलोत्पल मृणाल, कविता तिवारी और मनु वैशाली ने अपनी भावपूर्ण कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे सभागार में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।

प्रतिभाओं को मिला सम्मान

राज्य स्तरीय युवा कवि प्रतियोगिता में बिलासपुर की निधि तिवारी ने प्रथम स्थान, मीरा मृदु ने द्वितीय स्थान और कोरिया की अलीशा शेख ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साहित्यकार और कवि मौजूद थे।

 

Exit mobile version