कोरबा, 04 अक्टूबर। Korba Breaking : छत्तीसगढ़ के लेमरु थाना में पदस्थ आरक्षक (प्र.आर. 316) जयप्रकाश यादव पर गंभीर कदाचार, अनुशासनहीनता और अवैध वसूली के आरोपों की पुष्टि के बाद पुलिस विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह निर्णय आवेदक राजेन दास की शिकायत पर हुई जांच के बाद लिया गया है।
शिकायत के अनुसार, आरक्षक ने आवेदक को रास्ते में रोककर गाली-गलौज और मारपीट की, साथ ही जबरन धन की मांग करते हुए फोन-पे के माध्यम से कई बार अवैध वसूली की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए। जांच में गवाहों के बयान और डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड के आधार पर आरोपों की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट में आरक्षक के आचरण को “गंभीर कदाचार और स्वेच्छाचारिता” करार देते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की गई।
पुलिस विभाग ने रिपोर्ट के आधार पर आरक्षक जयप्रकाश यादव को 1 अक्टूबर 2025 से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि में उनकी तैनाती रिजर्व केंद्र, कोरबा में रहेगी, जहां उन्हें केवल नियमानुसार भत्ते दिए जाएंगे।
इस पूरे प्रकरण ने कोरबा पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। आम जनता के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है, जिससे पुलिस की छवि पर सवाल उठ रहे हैं।

