रायपुर, 01 सितंबर। Big ED Action : छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले (Liquor Scam) में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस केस में सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर बाहर चल रहे 29 आबकारी अफसरों को समन जारी किया है और पूछताछ के लिए अलग-अलग तारीखों पर तलब किया है।
सुप्रीम कोर्ट से मिली ज़मानत
ये सभी अफसर हाल ही में EOW (आर्थिक अपराध अन्वेषण संगठन) द्वारा दर्ज मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर हैं। अब ईडी ने 23 सितंबर को समन भेजकर इन सभी को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन उस दिन सभी अफसर ACB (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) के एक मामले में स्पेशल कोर्ट में पेश हो रहे थे। इसलिए अब ईडी ने नई तारीखों पर दोबारा समन भेजे हैं।
29 अफसरों पर लगा घोटाले में शामिल होने का आरोप
EOW की चार्जशीट में जिन 29 अफसरों को आरोपी बनाया गया है, उनमें शामिल हैं, गरीबपाल दर्दी, नोहर सिंह ठाकुर, सोनल नेताम, अलेख राम सिदार, प्रकाश पाल, एके सिंह, आशीष कोसम, जेआर मंडावी, राजेश जयसवाल, जीएस नूरुटी, जेआर पैकरा, देवलाल वैद्य, एके अनंत, वेदराम लहरे, एलएल ध्रुव, जनार्दन कोरव, अनिमेष नेताम, विजय सेन, अरविंद कुमार पाटले, प्रमोद कुमार नेताम, राम कृष्णा मिश्रा, विकास कुमय गोस्वामी, इकबाल खान, नितिन खंडुजा, नवीन प्रताप, सौरभ बख्शी, दिनकर वासनिक, मोहित कुमार जयसवाल, नीलू नोतानी, मंजू कसेर इनमें से कुछ अफसर सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि अन्य को निलंबित किया जा चुका है।
समन पाए अफसरों के पद
- 1 एडिशनल कमिश्नर
- 5 डिप्टी कमिश्नर
- 14 असिस्टेंट कमिश्नर
- 7 ADO (असिस्टेंट डिस्टिलरी ऑफिसर)
- 3 अन्य अधिकारी
ईडी पहले भी कर चुकी है पूछताछ और गिरफ्तारियां
शराब घोटाले में ईडी पहले ही कई अफसरों और कारोबारी नेटवर्क के खिलाफ जांच कर चुकी है। कुछ उच्च अधिकारियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। अब दोबारा से ईडी की सक्रियता इस बात की ओर इशारा करती है कि इस मामले में नई परतें खुल सकती हैं।
क्या है शराब घोटाला?
छत्तीसगढ़ में सरकारी शराब बिक्री प्रणाली के नाम पर करोड़ों रुपये का कथित घोटाला हुआ था। इसमें सरकारी अधिकारियों, आबकारी विभाग और ठेकेदारों की साठगांठ से बड़े स्तर पर अवैध वसूली और गड़बड़ी के आरोप लगे थे। ईडी ने दावा किया है कि घोटाले से निकली अवैध कमाई का उपयोग राजनैतिक और निजी हितों में किया गया।
छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले में ईडी की दोबारा एंट्री ने फिर से हलचल पैदा कर दी है। सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत पाए 29 आबकारी अफसरों को अब ईडी की पूछताछ का सामना करना होगा। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़ी गिरफ्तारियां या खुलासे हो सकते हैं।

