रायपुर, 23 सितंबर। CM Vishnu Dev Sai ने आज धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड के करेली बड़ी गांव से प्रदेश के 51 महतारी सदनों का भव्य लोकार्पण किया। नवरात्रि के पावन पर्व पर शुरू की गई महतारी सदन योजना को मुख्यमंत्री ने प्रदेश की माताओं और बहनों की समग्र तरक्की के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गांव-गांव माताओं और बहनों के लिए ऐसे केंद्र बनाने का बीड़ा उठाया है, ताकि महिलाएं एक साथ मिलकर, सुविधापूर्ण स्थान पर अपनी सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को अंजाम दे सकें। इस योजना के तहत बने महतारी सदन महिलाओं के लिए सशक्तिकरण का केंद्र बनेंगे, जहां वे शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और आर्थिक सशक्तिकरण के अवसर प्राप्त करेंगी।
इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, लोकसभा सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी, पूर्व मंत्री एवं कुरूद के विधायक श्री अजय चंद्राकर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने आस्था महिला संकुल संगठन करेली बड़ी की महिला समूह सदस्यों को महतारी सदन का हस्तांतरण प्रमाण पत्र भी सौंपा तथा परिसर में मौलश्री का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
उन्होंने कहा कि महतारी सदन योजना केवल महिलाओं की तरक्की का आधार ही नहीं बनेगी, बल्कि यह पूरे प्रदेश की विकास यात्रा का नया स्तंभ भी बनेगी। इन केंद्रों पर सिलाई, कढ़ाई, बुनाई, हस्तशिल्प, कृषि आधारित प्रशिक्षण और डिजिटल साक्षरता जैसे अनेक कार्यक्रम चलाकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद की जाएगी।
महिला स्व-सहायता समूहों को जोड़कर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा जिससे महिलाओं की सामाजिक स्थिति मजबूत होगी। यह योजना छत्तीसगढ़ को महिला-केंद्रित विकास का एक आदर्श मॉडल बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।

