रायपुर, 14 सितंबर। Deen Dayal Auditorium : राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम की तर्ज पर अब छत्तीसगढ़ के चार प्रमुख शहरों, दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर, में भी भव्य और अत्याधुनिक ऑडिटोरियम बनाए जा रहे हैं। ये सभी ऑडिटोरियम 750 सीटों की क्षमता वाले होंगे और रायपुर जैसे ही बेहतरीन आर्किटेक्चर व सुविधाओं से लैस होंगे।
राज्य सरकार ने इन निर्माण कार्यों को सिर्फ कागजों में सीमित न रखते हुए वास्तविकता के धरातल पर उतारना शुरू कर दिया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने दुर्ग में ऑडिटोरियम निर्माण के लिए टेंडर स्वीकृत कर लिया है, वहीं बिलासपुर में टेंडर प्रक्रिया जारी है। जगदलपुर और अंबिकापुर के लिए वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
PWD सचिव डा. कमलप्रीत सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने चारों शहरों में इन ऑडिटोरियम का निर्माण अगले दो वर्षों में हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
लागत और प्रगति की स्थिति
दुर्ग-
लागत: ₹22.96 करोड़
स्थिति: टेंडर स्वीकृत, कार्य जल्द शुरू होगा
स्थान: प्राइम लोकेशन
बिलासपुर-
लागत: ₹22.22 करोड़
स्थिति: टेंडर प्रक्रिया जारी
स्थान: प्राइम लोकेशन
जगदलपुर-
लागत: ₹22.21 करोड़
स्थिति: वित्तीय स्वीकृति प्राप्त, टेंडर की प्रक्रिया शीघ्र
अंबिकापुर-
लागत: ₹23.65 करोड़
स्थिति: अगस्त अंत में फंड स्वीकृति के लिए वित्त विभाग को भेजा गया, एक माह में मंजूरी की उम्मीद
बता दें कि रायपुर का पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पूर्व PWD मंत्री राजेश मूणत की देखरेख में बना था। यह भवन प्रदेश में अपनी खूबसूरत वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं के चलते एक मिसाल बना और अब यह राजधानी का एक प्रमुख सेल्फी प्वाइंट भी बन चुका है।
नए आडिटोरियम भवनों के निर्माण से सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक आयोजनों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय नागरिकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

