रायपुर, 11 सितंबर। Hind Yugam Utsav : राजधानी रायपुर में 20 और 21 सितंबर 2025 को पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में ‘हिंद युग्म उत्सव 2025’ का आयोजन किया जाएगा। यह उत्सव देश का एक मात्र घुमंतू साहित्यिक महोत्सव है, जो इस बार पहली बार छत्तीसगढ़ में हो रहा है। देशभर से करीब 100 लेखक-साहित्यकार इस आयोजन में हिस्सा लेंगे।
इस उत्सव के केंद्र में सुप्रसिद्ध साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल होंगे, जिनकी कविताओं की नाट्य प्रस्तुतियां और उनकी जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा मानव कौल, राहगीर, फैजल मलिक, परितोष त्रिपाठी, दिव्य प्रकाश दुबे, नीलोत्पल मृणाल जैसे प्रमुख साहित्यकार भी मंच साझा करेंगे।
‘हिंद युग्म उत्सव 2025’ में साहित्यिक चर्चा, लेखकों से मुलाकात, सिनेमा विशेषज्ञों के साथ संवाद, ओपन माइक, स्टैंड-अप कॉमेडी, संगीत, बच्चों एवं बड़ों के लिए पेंटिंग एवं टेराकोटा कार्यशालाएँ, नई किताबों का लोकार्पण, AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पर विशेष सत्र, और देशभर के प्रकाशकों की पुस्तक प्रदर्शनियाँ होंगी।
उत्सव में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक छटा भी दिखाई देगी, जहां राज्य के लोकनृत्य, लोकगायन, लोककला, पेंटिंग, मूर्ति कला, हस्तशिल्प, लोकव्यंजन और हैंडलूम स्टॉल लगाए जाएंगे।
हिंद युग्म उत्सव का यह चौथा संस्करण है, जो इससे पहले बाड़मेर, वाराणसी और भोपाल में आयोजित हो चुका है। इस आयोजन के माध्यम से साहित्य, कला और संस्कृति के विविध आयामों का उत्सव मनाया जाएगा और रायपुर एक बार फिर साहित्यिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।
महान साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ला केंद्र बिंदु
‘हिंद युग्म उत्सव 2025’ वर्तमान समय के अतिप्रसिद्ध और महान साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल को केंद्र में रखकर आयोजित हो रहा है। जिसमें शुक्ल जी की लिखी कविताओं की नाट्य प्रस्तुतियां होंगी, साथ ही उन पर केंद्रित डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन होगा। इसके अलावा इस आयोजन में शामिल हो रहे साहित्यप्रेमियों को किताबों की दुनिया, इसके नए ट्रेंड पर परिचर्चाएँ, लेखकों से मुलाक़ात, सिने-अभिनेताओं और सिनेमा-विशेषज्ञों से बातचीत एवं मुलाक़ात।
हिन्दवी के ‘कैंपस-कविता’ कार्यक्रम का विशेष आयोजन, ओपन माइक ‘छत्तीसगढ़ : मंच खुला है’ का डेडीकेटेड मंच, जहाँ 200 से अधिक नई प्रतिभाएँ अपनी प्रस्तुतियाँ देंगी, संगीतमय शाम, स्टैंड-अप कॉमेडी, बच्चों एवं बड़ों के लिए टेराकोटा, पेंटिंग इत्यादि की कार्यशालाएँ, देशभर के सभी महत्वपूर्ण प्रकाशकों की किताबों की प्रदर्शनियाँ, बिक्री के स्टॉल, AI (आर्टिफ़िशियल इंटिजेंस) पर विशेष-सत्र एवं प्रस्तुति, नई किताबों का लोकार्पण, आने वाली किताबों को कवर-रिलीज, स्टोरीटेलिंग, लाइव-सिंगिंग का विशेष सत्र जैसे कई महत्वपूर्ण स्लॉट निर्धारित किए गए हैं जिसमें शामिल होने का मौका मिलेगा।

