First Woman MLA : रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने को मुख्यमंत्री साय ने दी श्रद्धांजलि…! कहा- अपूरणीय क्षति
Shubhra Nandi
First Woman MLA
रायपुर, 08 सितंबर। First Woman MLA : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के पुलिस लाइन स्थित निवास पर जाकर रायपुर की पहली महिला विधायक और वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय श्रीमती रजनी ताई उपासने को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्व. उपासने के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को स्मरण करते हुए शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना भी दी।
इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, संतोष शर्मा, जगदीश उपासने सहित परिजन एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि, आपातकाल के कठिन दौर में रजनी ताई ने अद्वितीय साहस और धैर्य का परिचय दिया। उन्होंने हमेशा जनहित, सादगी और ईमानदारी को अपने कार्य का आधार बनाया। रायपुर के विकास और महिलाओं के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष प्रेरणा देने वाला है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
राजनीति में महिलाओं की अगुवा थीं रजनी ताई
स्वर्गीय रजनी ताई उपासने ने वर्ष 1977 में जनता पार्टी से चुनाव जीतकर रायपुर की पहली महिला विधायक बनने का इतिहास रचा था। उस समय जब राजनीति में महिलाओं की भागीदारी नगण्य थी, ऐसे दौर में जनता का विश्वास जीतकर विधायक बनना उनके साहस, संघर्ष और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक रहा।
समाजसेवा को समर्पित जीवन
92 वर्ष की आयु में दिवंगत हुईं रजनी ताई का जीवन समाजसेवा, ईमानदारी और सादगी की मिसाल रहा। वे महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार सक्रिय रहीं और रायपुरवासियों के दिलों में विशेष स्थान बना चुकी थीं।
एक युग का अंत
उनके निधन को राजनीतिक और सामाजिक जगत में एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है। राजधानी रायपुर समेत पूरे राज्य में शोक की लहर है। स्व. रजनी ताई उपासने को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने उनके जीवन और योगदान को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।