भिलाई नगर, 05 सितंबर। Mule Account : थाना सुपेला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए म्युल एकाउंट का उपयोग कर साइबर धोखाधड़ी में लिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्रकरण का पूरा विवरण
प्रार्थी मयंक जंघेल ने सुपेला थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसके पास कोटक महिंद्रा बैंक सुपेला शाखा और छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक छुईखदान में खाते हैं, जिनका उपयोग वह नियमित रूप से लेनदेन हेतु करता है।
2 सितंबर की शाम 4 बजे के आसपास, पियूष जंघेल (आरोपी) ने उसे कॉल कर बताया कि उसके बैंक खाते में लिमिट हो गई है और उसे तत्काल पैसों की आवश्यकता है। पियूष ने मयंक से कहा कि वह उसके खाते में पैसे भेजेगा, और मयंक को एटीएम से पैसे निकालकर देने होंगे।
इसके बाद आरोपी मिनेश पाल और अजय कुमार जंघेल, मयंक से मॉडल टाउन के एटीएम पर मिले। मिनेश ने अपने मोबाइल से फोनपे UPI के माध्यम से मयंक के बैंक खातों में क्रमश, ₹20,000 (छ.ग. ग्रामीण बैंक), ₹37,000 (कोटक महिंद्रा बैंक), ट्रांसफर किया। दोनों ट्रांजेक्शनों में “मुस्कान साहू” का नाम UPI आईडी में दिखा। मयंक ने ₹20,000 एसबीआई एटीएम से और ₹37,000 अपने मित्र शुभम वर्मा के एटीएम कार्ड की मदद से निकालकर कुल ₹57,000 मिनेश पाल को दे दिया।
ठगी का खुलासा
2 सितंबर की शाम मयंक ने जब ₹20 की आइसक्रीम खरीदने के लिए मोबाइल से भुगतान करना चाहा, तो उसका खाता ब्लॉक मिला। 3 सितंबर को जब उसने कस्टमर केयर से संपर्क किया, तो बताया गया कि उसका खाता साइबर सेल द्वारा फ्रीज़ कर दिया गया है। साइबर सेल, भिलाई में जाकर उसे जानकारी मिली कि उसके खाते में ऑनलाइन ठगी की राशि डाली गई थी, जिसे निकालकर धोखाधड़ी की गई।
दर्ज अपराध
पुलिस ने पियूष जंघेल, मिनेश पाल और अजय कुमार जंघेल द्वारा मयंक के खाते का प्रयोग कर ऑनलाइन ठगी की रकम निकालने और मनी लॉन्ड्रिंग करने का मामला दर्ज किया है।
इनके खिलाफ BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धाराएं 317(2), 318(4), 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। साथ ही, धारा 35(1) BNS के तहत उच्च न्यायालय के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए कानूनी कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार आरोपी
- अजय कुमार जंघेल (पिता: नरेन्द्र, उम्र 19, निवासी: आर्य नगर, कोहका)
- मिनेश पटेल (पिता: महेन्द्र पटेल, उम्र 19, निवासी: अंबेडकर चौक, टिकरापारा, रायपुर)
- पियूष जंघेल (पिता: संत कुमार, उम्र 20, निवासी: आर्यनगर, कोहका)
- आयुष नायडु (पिता: रमेश नायडु, उम्र 22, निवासी: ग्रीन वैली, स्मृति नगर)
- हर्ष चंद्राकर (पिता: लुकेश चंद्राकर, उम्र 21, निवासी: न्यू खुर्सीपार, भिलाई)
पुलिस टीम का विशेष योगदान
इस अहम कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय यादव, उनि चितराम ठाकुर, प्र.आर. सुबोध पाण्डेय, आरक्षक सूर्य प्रताप सिंह, दुर्गेश सिंह राजपूत और मिथलेश साहू की विशेष भूमिका रही।

