दुर्ग, 04 सितंबर। No Helmet No Petrol : दुर्ग जिला प्रशासन द्वारा लागू की गई “नो-हेलमेट, नो-पेट्रोल” नीति को लेकर मंगलवार को शहर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व स्वयं दुर्ग महापौर अलका बाघमार ने किया। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, एमआईसी सदस्य देवनारायण चंद्राकर, नीलेश अग्रवाल और कई पार्षद पटेल चौक पर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर और जनप्रतिनिधियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने का महत्व समझाया और उन्हें हेलमेट भेंट किए। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और हर बार घर से निकलते समय हेलमेट जरूर पहनें।
महापौर अलका बाघमार ने कहा, आपका परिवार घर पर आपका इंतजार करता है। दुर्घटनाएं बताकर नहीं आतीं। छोटी सी लापरवाही किसी पूरे परिवार की खुशियों को छीन सकती है। जब भी बाहर निकलें, हेलमेट जरूर पहनें।
इस अभियान में कोतवाली थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर सड़क पर गुजरने वाले दोपहिया चालकों को रोका, उन्हें हेलमेट पहनाकर जागरूक किया और नियमों के पालन का संकल्प दिलाया।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने हाल ही में आदेश जारी किया है कि अब किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। इसके पालन के लिए पुलिस प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों से सहयोग की अपील की है।
इस जागरूकता अभियान को शहरवासियों द्वारा सराहा जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों में सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी बढ़ेगी।

