रायपुर, 22 अगस्त। CM at Asakusa Shrine in Japan : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने आधिकारिक जापान दौरे के दौरान आज टोक्यो स्थित प्राचीन असाकुसा मंदिर पहुंचे और वहां विधिवत दर्शन कर प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। यह मंदिर जापान की राजधानी का सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित मंदिर माना जाता है, जो शांति, सामर्थ्य और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
छत्तीसगढ़वासियों की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
मुख्यमंत्री साय ने मंदिर दर्शन के बाद कहा, मैंने छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की खुशहाली, विकास और समृद्धि के लिए प्रार्थना की है। यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे इस शांतिपूर्ण और दिव्य स्थान पर आकर अपने राज्य की बेहतरी के लिए कामना करने का अवसर मिला। उन्होंने यह भी कहा कि जापान की संस्कृति, अनुशासन और तकनीकी विकास से सीख लेकर छत्तीसगढ़ को भी शांति और सामर्थ्य से परिपूर्ण राज्य बनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
राजनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री साय का यह दौरा न केवल औद्योगिक और निवेश के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को भी और मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है। टोक्यो के असाकुसा मंदिर में उनकी उपस्थिति ने भारत-जापान के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संवाद को भी नई ऊँचाई दी है।
असाकुसा मंदिर की खासियत
टोक्यो का सबसे पुराना और लोकप्रिय बौद्ध मंदिर
यह मंदिर सेन्सो-जी के नाम से भी जाना जाता है
यहाँ जापानी और विदेशी श्रद्धालु शांति और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं
मंदिर का निर्माण 7वीं सदी में हुआ था और यह जापान की सांस्कृतिक धरोहरों में से एक है
मुख्यमंत्री के इस दौरे को प्रदेश में वैश्विक निवेश, तकनीकी सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की दिशा में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

