Weather Report
रायपुर। देशभर में जून की शुरुआत से पहले ही मौसम ने करवट ले ली है। खासकर उत्तर-पूर्वी राज्यों, दिल्ली-NCR, मुंबई, दक्षिण भारत और कई अन्य हिस्सों में तेज बारिश और तूफान का सिलसिला जारी है। कई राज्यों में मानसून ने समय से पहले दस्तक दी है, जिससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
दिल्ली-NCR:
मौसम विभाग ने 1 और 2 जून को दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 3 और 4 जून को भी बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश:
पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ तूफानी हवाओं की चेतावनी दी गई है। हवा की रफ्तार 40-50 किमी/घंटा रह सकती है। यह सिलसिला 5 जून तक जारी रह सकता है।
Weather Report
बिहार और राजस्थान:
बिहार में 3 जून तक तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट है। राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ के चलते 4 जून तक बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तर-पूर्व भारत:
सिक्किम और असम में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण हालात गंभीर हो गए हैं। सिक्किम में करीब 1,500 पर्यटक फंसे हैं जबकि असम में 8 लोगों की मौत हो चुकी है और 78,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। असम के 3 जिलों में रेड अलर्ट और 8 में ऑरेंज अलर्ट जारी है।
दक्षिण भारत:
केरल, कर्नाटक और गोवा में मानसून ने समय से पहले दस्तक दी है। यहां रेड अलर्ट जारी किया गया है और भारी बारिश हो रही है। प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Weather Report
उत्तराखंड:
1 से 3 जून के बीच पर्वतीय इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मुंबई:
मुंबई में बारिश ने इस बार रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और आने वाले दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। आज का अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम 27°C रह सकता है।
देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं कई राज्यों में बारिश और तूफान ने मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। मौसम विभाग ने सभी को सतर्क रहने की सलाह दी है और समय-समय पर अलर्ट जारी किए जा रहे हैं।

