IPL 2025 FINAL
अहमदाबाद। IPL 2025 का फाइनल मुकाबला 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, लेकिन इस बार खेल से कहीं आगे देशभक्ति की एक खास छवि भी मैदान में देखने को मिलेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने तीनों सशस्त्र बलों – थल सेना, वायु सेना और नौसेना – के प्रमुखों को इस ऐतिहासिक मौके पर आमंत्रित किया है। इसके अलावा शीर्ष सैन्य अधिकारियों और जवानों को भी समापन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रण भेजा गया है।
BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने इस पहल की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कदम हाल ही में हुए सफल ऑपरेशन सिंदूर की उपलब्धि का जश्न मनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। यह ऑपरेशन भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा उस आतंकी हमले के जवाब में अंजाम दिया गया था, जो पहलगाम में हुआ था। इसके बाद भारत-पाक सीमा पर बढ़े तनाव के कारण IPL 2025 को 9 मई को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया था।
IPL 2025 FINAL
अब जब हालात नियंत्रण में हैं और ऑपरेशन सिंदूर को अभूतपूर्व सफलता मिली है, BCCI ने IPL के माध्यम से देश की सेना को श्रद्धांजलि देने का फैसला किया है। फाइनल मुकाबले के दौरान एक विशेष समर्पण कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी, जिसमें सेना की वीरता और बलिदान को सलाम किया जाएगा।

